झांसी। जिले में थाना नवाबाद क्षेत्र के कुम्हार का कुआं में शादी के नौ माह बाद शुक्रवार शाम विवाहिता की छत से फेंक कर हत्या प्रकरण में पति, ससुर समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।मायके पक्ष ने दहेज में पांच लाख रुपये न मिलने पर हत्या का आरोप लगाया था। नवाबाद पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर आरोपी पति विवेक, पिता भरत, सास बबिता एवं ननद शिवानी के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करके मामले की छानबीन की जा रही है।
दरअसल जालौन के नदीगांव निवासी गोविंद यादव ने छोटी बेटी मोहनी (24) की शादी 14 फरवरी 2024 को झांसी के थाना नवाबाद क्षेत्र के कुम्हार का कुआं गांव निवासी विवेक यादव से की थी। विवेक का पिता भरत यादव सिपाही है और आगरा में तैनात है। गोविंद के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद से ससुराल वाले पांच लाख रुपये नकद की मांग करने लगे। न मिलने पर बेटी को मारते-पीटते थे। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल जाकर समझाया बुझाया। वह लोग पैसे देने को राजी हो गए लेकिन कुछ महीने की मोहलत मांग रहे थे। इसके बाद भी ससुराल के लोग मानने को राजी नहीं थे।
शुक्रवार को मोहिनी ने मां को फोन करके बताया कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। यह सुनकर मायके के लोग कुछ घंटे में झांसी आ पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद ससुराल वाले लाश छोड़कर भाग निकले। पिता के मुताबिक, मोहिनी के शरीर पर चोट के निशान थे। छत से नीचे फेंककर उसकी हत्या की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच जारी है।