झांसी। थाना प्रेम नगर क्षेत्र के राजीव नगर रिटायर सीनियर सेक्शन इंजीनियर के बेटे ने ससुराल से बर्थ-डे पार्टी से लौट कर घर में सुसाइड कर लिया। गुरुवार को उसका शव फंदे पर लटका मिला।
राजीव नगर निवासी जयप्रकाश रेलवे में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद से रिटायर्ड हैं। उनका एक पुत्र विवेक वर्मा (35) डीआरएम ऑफिस में गाड़ी चलवाता था। 10 साल पहले उसकी मोहल्ले के प्रीति से शादी हुई थी। उनकी दो बेटी हैं, 7 साल की अमायरा और 3 साल की आयु है। गुरुवार को प्रीति के मायके में बर्थ-डे पार्टी थी। पूरा परिवार पार्टी में शामिल हुआ। रात करीब 10 बजे विवेक खाना खाकर घर आ गया। जबकि, पत्नी और दोनों बेटी रुक गई थी।
विवेक ने पत्नी और बच्चों को गुरुवार सुबह ओरछा घुमाकर लाने का वादा किया था। गुरुवार सुबह पत्नी ने फोन लगाया तो विवेक ने रिसीव नहीं किया। फिर बड़ी बेटी कपड़े उठाने के लिए घर पर पहुंची तो विवेक ने दरवाजा नहीं खोला। तब उसने दादी लक्ष्मी को बताया। दोनों ने आवाज दी, मगर विवेक ने कोई जवाब नहीं दिया। मामला संदिग्ध देख कर परिवार व आसपास के लोग एकत्र हो गए।
इस दौरान जब खिड़की से देखा तो विवेक पंखे पर दुपट्टा का फंदा से लटका हुआ था। यह देख कर खिड़की का शीशा तोड़कर परिजन अंदर घुसे और दरवाजा खोला और तुरंत शरीर को नीचे उतारा, किंतु तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बताया गया है कि विवेक का आईफोन बेड पर स्टैंड पोजिशन में रखा था। उसका बैक कैमरा शव की तरफ था। अंदेशा है कि मरने से पहले विवेक ने मोबाइल में वीडियो सूट किया है। हालांकि बैटरी खत्म हो जाने के कारण मोबाइल बंद हो चुका था। मोबाइल को चार्ज करके ऑन किया गया। मगर वो अनलॉक नहीं हो पाया।
परिजनों का कहना है कि मोबाइल में ही सारे राज छुपे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मोबाइल जब्त कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस सुसाइड के कारणों की जांच कर रही है। सुसाइड के राज मोबाइल अनलॉक होने के बाद खुलने की उम्मीद है। परिजन भी आत्महत्या के कारण से अनभिज्ञ हैं।