बेटे का आरोप- इलाज ठीक से नहीं हुआ
झांसी। पत्नी की हत्या के आरोप में झांसी जेल में बंद पति की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। करीब दो माह से लकवा से ग्रस्त होने से उसकी हालत गंभीर बनी थी। हालांकि मृतक के बेटे का आरोप है कि पिता का इलाज ठीक से नहीं करवाया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
झांसी के थाना चिरगांव क्षेत्र के पहाड़ी गांव निवासी मूलचंद अहिरवार (68) के पुत्र वीरसिंह अहिरवार ने बताया कि करीब 5 साल पहले उसकी मां अजब देवी की किसी धारदार हथियार से हत्या हो गई थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में पिता मूलचंद को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। तब से मूलचंद जेल में ही बंद था।
जेल में लगभग दो माह पहले उसे लकवा मार गया था। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई। लगातार लेटे रहने की वजह से पीठ में घाव हो गया था। 31 दिसंबर को जेल प्रशासन ने उनको जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। मृतक रेलवे से पॉइंट्समैन के पद से लगभग 8 साल पहले रिटायर हुआ था।
बेटे वीरसिंह अहिरवार ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले एक माह में 3 बार पिता को अस्पताल में एडमिट करवाया गया। थोड़ा आराम मिलने पर उनको वापस जेल ले जाते थे। इससे वे पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाए। गुरुवार रात को उनको खून की कमी थी। दो यूनिट डॉक्टर ने खून लाने के लिए बोला। लेकिन खून भी उपलब्ध नहीं हो पाया। आज सुबह उनकी मौत हो गई।