झांसी। जिले के पूंछ अंतर्गत एरच रोड मस्जिद के पास बुधवार शाम चार बजे बोलेरो सवार आधा दर्जन लोगों ने किशोर का अपहरण कर लिया। पुलिस ने एक घंटे बाद किशोर को अपहरणकर्ताओं से छुड़ा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि तीन भागने में कामयाब रहे।

पुलिस को गांव खकल के सुजान सिंह परिहार ने बताया कि उनका बेटा हनी परिहार (17) एरच रोड मस्जिद के पास गया था तभी एरच का एक व्यक्ति बोलेरो से आया। बोलेरो में आधा दर्जन लोग बैठे थे। उन लोगों ने सड़क पर टहलते हुए हनी को बुलाया। हनी को बोलेरो में डालकर एरच की तरफ भाग निकले।

सुजान सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एरच पहुंचने से पहले ही वांछित बोलेरो को पकड़ लिया। पुलिस ने गाड़ी से हनी को बरामद कर दो अपहरणकर्ताओं को भी पकड़ लिया , किंतु उनके तीन साथी भाग गए।

सुजान सिंह ने बताया कि हनी उरई में पढ़ता है। बुधवार को पूंछ मेला देखने आया था। उक्त मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़ा जा रहा है। लड़के का मोबाइल पर बात करने को लेकर विवाद हुआ है। लड़की के घरवाले बोलेरो से आए और लड़के को उठा ले गए। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।