एसी थर्ड का चित्रकूट से सूरत का टिकट बरामद
झांसी। आरपीएफ की क्राइम विंग टीम झांसी की टीम ने रेलवे स्टेशन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के नगरा की ओर स्थित आरक्षण काउंटर परिसर में छापा मार कर दलाल महावीरन पुरा नगरा निवासी मनोज मिश्रा को पकड़ लिया। उसके पास से 9 जुलाई का चित्रकूट से सूरत का थर्ड एसी का टिकट मिला है जिसकी कीमत 7,940 रुपये है। इसके अतिरिक्त दो भरे हुए तत्काल आरक्षण प्रपत्र तथा एक स्मार्ट मोबाइल भी जब्त किया गया।
दरअसल, आरपीएफ क्राइम विंग झांसी को पश्चिम स्थित रिजर्वेशन कार्यालय से दलाल के द्वारा तत्काल टिकट बनवाये जाने की सूचना मिली थी। इस पर मंगलवार को सहायक उप निरीक्षक नवीन कुमार, प्रधान आरक्षक उमेश कुमार, तौसीफ खान, आरक्षक सुरेन्द्र सिंह व गुरमीत सिंह की टीम ने छापा मार कर उक्त दलाल को पकड़ा। आरोपी के विरुद्ध रेल सुरक्षा बल पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
बुकिंग क्लर्क की मिलीभगत पर संदेह
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने रेलवे के वरिष्ठ आरक्षण लिपिक राजीव कुमार प्रजापति के कहने पर तत्काल आरक्षण काउंटर से टिकट बनवाया था, जिसके बदले उसे 200 रुपये अतिरिक्त प्राप्त हुए। इस मामले में क्राइम विंग ने बुकिंग क्लर्क की मिलीभगत की रिपोर्ट बना कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। हालांकि इस मामले में बुकिंग क्लर्क की मिलीभगत पर संदेह है क्योंकि जिस समय टिकट बना, उस समय उक्त बुकिंग क्लर्क ड्यूटि पर नहीं था।














