आरपीएफ सीनियर कमांडेंट द्वारा एफ 9 न्यूज के खिलाफ फर्जी खबर प्रसारित कर ब्लैकमेलिंग का मुकदमा

0
164
Oplus_16908288

हुबली में एक घर, वेतन का आधा हिस्सा मांगने व स्टेशन पर अवैध कारोबार चलाने देने की धमकी का आरोप

झांसी। वरिष्ठ मंडल रेल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा ने थाना नवाबाद में एफ 9 न्यूज के प्रबंधक, रिपोर्टर सहित पूरी प्रसारण टीम पर फर्जी भ्रामक तथ्य विहीन खबर प्रसारित करने और खबर हटाने के नाम पर हुबली में एक घर, वेतन का आधा हिस्सा तथा स्टेशन पर अवैध कारोबार चलवाने की डिमांड रखने का मुकदमा दर्ज कराया है।

मूल निवासी राधा कृष्णा कुंज, अमृत नगर, गाजियाबाद (उ0प्र0) हाल निवासी रेलवे अधिकारी कुंज, रेलवे स्टेशन के पास झांसी जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि वह वर्तमान समय में रेलवे सुरक्षा बल झांसी मण्डल में बतौर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यरत हैं। 06 जून 2026 को उनके के विरुद्ध एफ-9 न्यूज चैनल के प्रबन्धक व रिपोर्टर / एंकर द्वारा भ्रामक एवं बिना किसी ठोस साक्ष्य के एक वीडियो/न्यूज अपने चैनल पर एक लड़की का नाम मेरे साथ जोड़ते हुये अवैध सम्बन्धों का जिक्र करते हुये प्रसारित की गयी तथा उन्हें उनके पद पर बने रहने के सम्बन्ध में प्रश्न चिन्ह लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि उपरोक्त चैनल से सम्बन्धित असीम कुमार सामंतो निवासी काला रोड, सरिया, पोस्ट/थाना सरिया, जिला गिरिडी (झारखण्ड), एफ-9 न्यूज के रिपोर्टर/एंकर एवं प्रसारण में शामिल लोग, एफ-9 न्यूज चैनल एवं उसका प्रबन्धक सहित अन्य सम्बन्धित व्यक्तियों में से असीम कुमार सामंतो से उनके मोबाइल नंबर पर उक्त भ्रामक खबर चलाये जाने के सम्बन्ध में बातचीत करते हुये उक्त खबर को डिलीट करने को कहा गया तो उन्होंने मुझसे खबर हटाने के एवज में पैसों की मांग के लिए आमने-सामने मिलने के दबाव बनाया तथा उन्होंने यह भी कहा कि आप अपने किसी आदमी से मेरे आदमी को काल करायें जो आपको पैसे के बारे में बतायेगा जबकि मेरे द्वारा असीम कुमार सामंतो को साफ तौर पर अवगत कराया गया कि मेरे विरुद्ध इस तरह के सभी आरोपों को पूर्व में कोर्ट / पुलिस द्वारा निरस्त किये जा चुके हैं।

इस पर असीम कुमार सामंतो द्वारा उनके फोन पर वाटसअप के माध्यम से आपत्तिजनक फोटो भेजकर डराने का प्रयास किया। इसके अलावा इन्होंने कहा कि यदि आप चाहते हैं कि यह खबर भविष्य में ना चले तो आप हुबली कर्नाटक में एक घर और 50 प्रतिशत महीने सैलरी उस लड़की को दें तथा ना देने पर इसी प्रकार से झूठी खबर को लगातार चलाने और उनकी प्रतिष्ठा को क्षति पहुँचाने की धमकी दी गयी तथा कहा गया कि आप मेरे सम्बन्धों के विषय में नहीं जानते है अगर आप पैसा देने में विलम्ब करते है तो हम पुनः आपके विरुद्ध इस तरह की झूठी खबरें चलाते रहेगें, यदि आप मेरे खिलाफ कोई कार्यवाही करते है तो मैं आपको जान से हाथ धोना पडेगा।

इसके साथ ही असीम कुमार सामंतो द्वारा लगातार उन्हें रेलवे में अवैध कार्यों में शामिल होकर आर्थिक लाभ हेतु दवाव बनाया जा रहा है एवं ऐसा ना करने पर न्यूज चलाने की धमकी दी जा रही है। उनके विरुद्ध यह भ्रामक खबर आसीम कुमार सामंतो व उनके सहयोगियों रिपोर्टर / एंकर तथा अन्य ने मिलकर उनकी ख्याति को क्षति पहुँचाने व उनसे अवैध बसूली करने के उददेश्य से तैयार कर प्रसारित की गयी है।

पुलिस ने इस मामले में असीम कुमार सामंतो सहित  संबंधित आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 308(3), 61(1)(ए), 35(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व एक महिला का रेल सुरक्षा आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। इन आरोपों को रेल सुरक्षा आयुक्त से सिरे से नकार दिए थे। उन्होंने एफआईआर में भी जिक्र किया कि यह सभी आरोप न्यायालय ने निरस्त कर दिए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here