झांसी। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी ने वंदे भारत में यात्रा के दौरान नाश्ते में परोसे गए दूध की गुणवत्ता पर आपत्ति जताते हुए इसे कैमिकल जैसा बताया। वहीं, दिल्ली से रानी कमलापति जा रही शताब्दी एक्सप्रेस में यात्रियों ने एक्सपायरी ब्रेड परोसने का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया। इससे एक बार फिर से प्रीमियम ट्रेनों में खान-पान की गुणवत्ता सवालों के घेरे में है।
शनिवार को हजरत निजामुद्दीन से खजुराहो जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (22470) की एग्जीक्यूटिव क्लास में यात्रा कर रहे राजेंद्र पाल गौतम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि उन्हें और उनके साथियों को नाश्ते में परोसा गया दूध और कॉर्न फ्लेक्स गुणवत्ताहीन थे। उन्होंने दूध की गुणवत्ता खराब होने की आशंका जताते हुए इसे कैमिकल जैसा बताया। उन्होंने कैटरिंग स्टाफ से नाराजगी व्यक्त की और रेलमंत्री व आईआरसीटीसी से शिकायत की।
शताब्दी में एक्सपायरी ब्रेड परोसने पर हंगामा
शनिवार सुबह दिल्ली से रानी कमलापति स्टेशन जा रही शताब्दी एक्सप्रेस (12002) में यात्रियों ने नाश्ते में एक्सपायरी ब्रेड परोसने का आरोप लगाया। सी4 में यात्रा कर रहे भोपाल निवासी प्रणव के अनुसार ब्रेड का स्वाद खराब था। पैकेट की जांच करने पर उसकी एक्सपायरी तिथि 10 जुलाई दर्ज मिली। इसके बाद यात्रियों ने कैटरिंग स्टाफ से शिकायत की और रेल मदद एप पर भी मामला दर्ज कराया। इसकी जानकारी होने पर अफरातफरी मच गई क्योंकि अधिकांश यात्री ब्रेड खा चुके थे। कोच के बाहर रखे नाश्ता के पैकेट में एक्सपायर हो चुकी ब्रेड के बंडल मिले। कुछ यात्रियों ने इसका वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। फिलहाल इस मामले में आईआरसीटीसी ने जांच के आदेश दिए हैं।














