झांसी/मोंठ संवाद सूत्र। जनपद के थाना पूंछ क्षेत्र के गांव सेसा में बुधवार रात ससुराल में ही दामाद ने खुद पर पेट्रोल डाल कर आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की पृष्ठभूमि में पत्नी द्वारा पति के साथ ससुराल जाने से मना करना बताया गया है।
दो माह से उसकी पत्नी अपने मायके आई थी। जब वह बुधवार सुबह शराब के नशे में, पत्नी को लिवाने आया तो उसने पति के साथ ससुराल जाने से मना कर दिया। इसके बाद वह काफी देर हाई वोल्टेज ड्रामा करता रहा। आखिर में उसकी पत्नी और ससुराल के सभी लोग घर के अंदर चले गए तो उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़ी निवासी विनोद वर्मा (35) पुत्र कल्लू की पत्नी पूजा वर्मा 32 विगत करीब दो माह पहले ससुराल से अपने मायके पूंछ थाना क्षेत्र के गांव सेसा गई थी। बुधवार सुबह विनोद वर्मा अपनी पत्नी को लिवाने अपनी ससुराल पहुंचा, वह दिनभर पत्नी को घर चलने के लिए मनाता रहा लेकिन पत्नी ने एक न सुनी। परेशान होकर विनोद नजदीकी ग्राम कनैछा अपने मामा के घर गया और वहां से लौट कर फिर अपनी ससुराल पहुंचा।
इसके बाद पुनः विनोद पत्नी को ले जाने के लिये काफी देर तक उसके मायके के सामने ड्रामा करता रहा। विनोद के साले किशन कुमार के मुताबिक, पहले तो उसने हेयर डाई पीने की कोशिश की लेकिन उसे रोक दिया गया। इसके बाद सभी लोग विनोद को घर के बाहर छोड़कर भीतर चले गए। रात को करीब 8:30 बजे उसने अपनी बाइक से पेट्रोल निकला और खुद के शरीर पर डालकर आग लगा ली। इसी दौरान जलने से बचने को वह बगल के नाले में गिर गया। आग तो बुझ गई, किंतु वह बुरी तरह झुलस गया।
घटना की सूचना ग्राम वासियों ने पूंछ पुलिस को दी। मौके पर पहुंची, पुलिस ने विनोद को गंभीर अवस्था में नाले से बाहर निकाला और फायर ब्रिगेड तथा एंबुलेंस को बुलाया। विनोद को गंभीर अवस्था में मोंठ सीएस्चसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी पूजा ने बताया कि पति विनोद शराब के नशे का आदी था। वह उसके साथ ससुराल जाने से पहले शराब छोड़ने की बात कह रही थी। शराब के चलते उसकी पत्नी से झगड़ा होता रहता था। 2 माह पहले विनोद से झगड़ा कर उसकी पत्नी मायके चली आई थी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल कर रही है।