Oplus_16908288

मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी में 5 घंटे तड़पता रहा घायल, दी तहरीर

Oplus_16908288

झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में दुर्घटना में घायल की मौत होने पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि घायल युवक 5 घंटे तक हॉस्पिटल में तड़पता रहा, किंतु भर्ती नहीं किया गया। युवक को मरने के बाद भर्ती किया। घरवालों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दी है। परिवार का रो रो कर बुरा हाल है।

Oplus_16908288

झांसी के थाना प्रेमनगर क्षेत्र के राजगढ़ निवासी विनय अहिरवार (18) पुत्र जगदीश अहिरवार एक ठेकेदार के यहा इलेक्ट्रिशियन था। विनय गुरुवार सुबह करीब 11 बजे ठेकेदार के भाई शहबाज उर्फ बिट्टो के साथ बाइक से काम करने के लिए शिवपुरी मप्र जा रहा था। रास्ते में रक्सा टोल प्लाजा के पास ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस घटनाक्रम में विनय गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि शहबाज को मामूली चोट आई। विनय को मेडिकल कॉलेज में एडमिट करा दिया। सूचना मिलने पर विनय की मां रामकुमारी देवी और पिता जगदीश आदि परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।

परिजनों का आरोप है कि जब वह लोग दोपहर करीब 12 बजे इमरजेंसी पहुंचे तब तक उसका इलाज शुरू नहीं किया गया था और वह असहनीय दर्द से चिल्ला रहा था, उसके खून बह रहा था। कोई भी डॉक्टर देखने नहीं आ रहा था। डॉक्टर एक दूसरे के पास जाने की सलाह देकर टाल-मटोल कर रहे थे और जब भर्ती कर इलाज करने को कहा तो अभद्रता करने लगे। जब हाथ पैर जोड़े तब सायं 5:30 बजे एडमिट कराया लेकिन तब तक विनय की मौत हो चुकी थी। उन्होंने सीधे सीधे डॉक्टरों की लापरवाही को विनय की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।

इस दौरान आक्रोशित परिजनों ने इमरजेंसी में घुसने की कोशिश की, किंतु पुलिस और गार्डों ने उनको रोक लिया। करीब तीन घंटे तक परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। परिजनों ने लिखित शिकायत दी है। हालांकि इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. हरनारायण ने आरोपों को नकारते हुए बताया कि घायल अवस्था में विनय दोपहर 12:45 बजे इमरजेंसी में लाया गया था। आन ड्यूटी डॉक्टर ने उसे देखा और ट्रीटमेंट शुरू किया गया। जांचें कराई गई तो पता चला कि कमर की हड्डी टूटी हुई है और पेशाब की थैली भी फटी है। इलाज के चलते शाम को मरीज की मौत हो गई। पेशेंट का प्रॉपर तरीके से इलाज किया किया, किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई है।