प्यार में धोखा, जिंदगी का अंत : ‘मां मुझे माफ करना… उसके बिना जी नहीं सकता’

0
118
Oplus_16908288

गर्लफ्रेंड के शादी से इनकार पर युवक ने मौत को गले लगाया 

झांसी। जिससे प्यार किया और जब शादी कर घर बसाने का इजहार किया तो उसने मना कर दिल तोड़ दिया। प्यार में धोखा बर्दाश्त नहीं कर पाया और ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर जान दे दी। जान देने के पहले उसने व्हाट्स एप स्टेटस लगाया- “सॉरी मां, मुझे माफ कर देना। मैं अच्छा बेटा नहीं बन पाया। मैं उसके बिना नहीं जी सकता।”

रविवार सुबह लगभग 5 बजे खजराहा बुजुर्ग स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला। संभावना जताई गई कि युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी है। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए जीआरपी ने परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने पर परिवार थाने पहुंचा और शव की पहचान कारपेंटर विकास (25) पुत्र दिनेश रायकवार निवासी नगरा प्रेमनगर के रूप में की।

दरअसल, 9 जुलाई की रात करीब 9 बजे विकास मां से यह कहकर घर से निकला कि वह एक घंटे में लौट आएगा। कुछ देर बाद बहन ने उसे फोन कर बताया कि मां की तबीयत खराब है और दवा लेते आना। इस पर उसने अपने एक दोस्त के जरिए दवा घर भिजवा दी। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।

रात 11:09 बजे उसने व्हाट्स एप पर स्टेटस लगाया, जिसमें लिखा था, “सॉरी मां, मुझे माफ कर देना। मैं एक अच्छा बेटा नहीं बन पाया। मैं उसके बिना नहीं जी सकता। मुझे माफ कर देना।” स्टेटस देखने के बाद परिवार ने उसकी तलाश तेज कर दी, लेकिन तीन दिन तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजन उसकी तलाश में भटक रहे थे तभी जीआरपी थाना से आई सूचना से परिवार पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा।

मृतक के भाई आकाश का आरोप है कि युवती के धोखे की वजह से ही विकास ने यह कदम उठाया। उन्होंने युवती के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, विकास का एक लड़की से करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। विकास ने अपने परिवार को भी इस रिश्ते के बारे में बताया था। परिजनों का आरोप है कि वह अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा युवती पर खर्च करता था, लेकिन युवती उसे धोखा दे रही थी। यह तब उजागर हुआ जब विकास ने प्रेमिका के घर जाकर उसके परिजनों की मौजूदगी में शादी का प्रस्ताव रखा तो उसने परिवार के सामने ही साफ इनकार कर दिया। उसने कहा- “मैं तुमसे प्यार नहीं करती।” इसके बाद उसने युवक से बातचीत भी बंद कर दी थी। इससे उसे गहरा सदमा लगा और मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here