पुरातत्व विभाग ने की शिकायत, होगी कार्यवाही
झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत किला परिक्षेत्र में तहलटी में स्थित घुटना टेक हनुमान मंदिर के निकट पुरातत्व विभाग की जमीन पर शव के अंतिम संस्कार की सूचना पर अफरातफरी मच गई। जब पुलिस और पुरातत्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक शव जलता हुआ मिला। पुरातत्व अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर कानूनी कार्यवाही करने की तैयारी कर रही है।
दरअसल, गत दिवस पुरातत्व विभाग ने पुलिस को सूचना दी कि कोतवाली थाना के पीछे स्थित किला की दीवार से सटकर पुरातत्व विभाग की जमीन पर अनधिकृत रूप से शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। यह सूचना मिलने पर पुलिस सतर्क हो गई और सीओ सिटी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस टीम के साथ पुरातत्व विभाग की टीम भी पहुंची।
मौके पर मंदिर के निकट पुलिस और पुरातत्व विभाग की टीम को एक शव जलता हुआ मिला। पूछताछ और जांच पड़ताल करने पर जानकारी हुई किला की तलहटी थाना कोतवाली के पीछे स्थित घुटना टैक हनुमान मंदिर के महंत के निधन के बाद उनके शव का अंतिम संस्कार किया गया है। इसकी जानकारी देते हुए महंत भरत दास ने बताया कि उनके गुरु संतोष दास इस मंदिर के महंत थे उनकी मृत्यु होने पर उनके शव को जलाया गया है।
इस मामले में पुरातत्व विभाग के अधिकारी ने बताया कि उनके विभाग से बिना अनुमति लिए नियम विरुद्ध यहां शव का अंतिम संस्कार किया है, इनके विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जाएगी।














