एसएसपी ने राष्ट्रपति पदक को वर्दी पर अलंकृत कर सम्मानित किया
झांसी। जनपद में तैनात पुलिस उपाधीक्षक रामवीर सिंह (क्षेत्राधिकारी नगर) रामवीर सिंह को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। झांसी के पुलिस कार्यालय में आयोजित विशेष समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी बी जी टी एस मूर्ति ने देश के राष्ट्रपति की ओर से सीओ रामवीर सिंह की वर्दी पर यह प्रतिष्ठित पदक अलंकृत कर सम्मानित किया और प्रशस्ति पत्र सौंपकर शुभकामनाएं देते हुये उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि रामवीर सिंह जैसे अधिकारी किसी भी जिले की पुलिस के लिए रीढ़ की हड्डी की तरह होते हैं। उनकी कार्यप्रणाली से न केवल युवा पुलिसकर्मियों को सीख लेनी चाहिए, बल्कि यह पदक इस बात का भी प्रमाण है कि ईमानदारी से किए गए काम का फल हमेशा अच्छा मिलता है। यह सम्मान पूरी झांसी पुलिस के मनोबल को बढ़ाने वाला है।
इस ऐतिहासिक सम्मान को प्राप्त करने के बाद भावुक और गौरवान्वित नजर आ रहे सीओ सिटी रामवीर सिंह ने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अपने मार्गदर्शक अधिकारियों और अपनी टीम को दिया। उन्होंने कहा, “यह पदक केवल मेरी व्यक्तिगत मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि इसमें मेरे वरिष्ठ अधिकारियों का समय-समय पर मिला बहुमूल्य मार्गदर्शन, मेरे अधीनस्थ सहकर्मियों का दिन-रात का कठिन परिश्रम और मेरे परिवार का अटूट त्याग शामिल है।” उन्होंने आगे कहा कि जब देश के सर्वोच्च पद से आपके काम को सराहना मिलती है, तो आपकी जिम्मेदारी समाज और जनता के प्रति कई गुना और बढ़ जाती है। रामवीर सिंह ने संकल्प लेते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आने वाले समय में और अधिक ऊर्जा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेगा। वे आगे भी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को न्याय दिलाने और अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
इस ऐतिहासिक कामयाबी पर बधाई देने वालों में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक नगर (SP City) प्रीत सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (SP Rural) डॉ. अरविंद कुमार, पुलिस अधीक्षक अपराध (SP Crime) अरीबा नोमान और क्षेत्राधिकारी (CO) पीयूष सिंह शामिल रहे। इसके अलावा जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारियों आदि ने भी उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर अपनी शुभकामनाएं दीं।














