झांसी। सीपरी बाजार मेें रसबहार कालोनी नन्दनपुरा में लावारिस गाय के हमले से वृद्घ गम्भीर रूप से घायल हो गया। क्षेत्रवासियों ने किसी प्रकार हमलावर बैल को भगा कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायल वृद्घ को मेडिकल कालेज ले गई, किन्तु रास्ते में ही उसकी सांसों ने साथ छोड़ दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ओरछा के वार्ड नम्बर ६ मेन रोड निवासी ६५ वर्षीय मानसिंह परिहार झांसी के सिचाई विभाग से सेवानिवृत्त हुआ। नौकरी के दौरान उसने राजघाट कालोनी में शंकर भगवान का मन्दिर का निर्माण कराया था। तभी से वह मन्दिर पर पूजा अर्चना करने जाता था। हमेशा की तरह आज भी वह ओरछा से पूजा करने के लिए राजघाट कालोनी जा रहा था, तभी रसबहार कालोनी नन्दनपुरा में गाय ने वृद्घ पर हमला कर दिया। यह नजारा देख क्षेत्रवासियों ने गाय को किसी प्रकार भगाया, परन्तु तब तक वृद्घ गम्भीर रूप से घायल हो चुका था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वृद्घ को लेकर मेडिकल कालेज पहुंच, जहां जांच उपरान्त चिकित्सक ने घायल वृद्घ को मृत घोषित कर दिया। उधर, नगर निगम की टीम ने कालोनी मेें पहुंच कर गाय को पकड़ लिया।