कपड़े देखकर तलाशा तो शव मिला
झांसी। जिले के रक्सा थाना क्षेत्र में चेकडैम में गहरे पानी में डूबने से पूर्व प्रधान के 14 वर्षीय के नाती की मौत हो गई। वह अपने 3 दोस्तों के साथ नहाने गया था। उसे डूबते देख कर घबरा कर दोस्त घर भाग गए। लेकिन परिजनों को इस बात की जानकारी नहीं दी। जब किशोर रात को घर नहीं पहुंचा, तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इस दौरान चेकडैम के पास उसकी साइकिल और कपड़े रखे हुए मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने चैक डैम के पानी में ढूंढा, तो 5 घंटे बाद शव बरामद हो गया।
रक्सा थाना क्षेत्र के बामेर गांव के पूर्व प्रधान धनीराम ने का 14 वर्षीय नाती सौरभ अहिरवार गांव के स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ता था। शुक्रवार दोपहर को वह घर पर आया। उसने खाना खाया और बिना बताए 3 दोस्तों के साथ गांव ते बाहर खंगरऊ नदी पर बने चेकडैम पर चला गया। चेकडैम करीब 15 फीट गहरा है। इन दिनों हो रही बारिश के चलते यहां पानी का बहाव तेज था।
सौरभ नहाते समय गहरे पानी में चला गया और डूब गया। यह देख दोस्त डर गए और तीनों भागकर वापस घर चले गए, किंतु उन्होंने घर में भी घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। जब रात को सौरभ घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों को चिंता होने लगी। वे ग्रामीणों की मदद से उसको ढूंढ़ने लगे।
रात करीब 8 बजे ढूंढ़ते हुए चेकडैम के पास पहुंचे। पहले सौरभ की साइकिल मिली। थोड़ी आगे बढ़े तो पानी के किनारे कपड़े रखे हुए थे। तब पानी में तलाश किया। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सौरभ का शव 15 फीट गहरे पानी में मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।













