झांसी जीआरपी थाना में रिपोर्ट, हमलावर हिरासत में
झांसी। मंगला एक्सप्रेस में स्लीपर कोच में महिला टीटीई को महिला यात्री से टिकट मांगना महंगा पड़ गया। महिला यात्री ने चलती ट्रेन में टीटीई के बाल पकड़ कर मारपीट कर दी। झांसी स्टेशन पर हमलावर महिला को उतार कर जीआरपी के हवाले कर दिया गया है।
टिकट मांगना टीटीई मैडम को काफी मंहगा पड़ गया। गुस्साई मैडम ने बाल पकड़कर टीटीई मैडम की बेरहमी से पिटाई की। कोच में मौजूद रेलयात्रियों ने टीटीई मैडम की मदद की। बाद में उक्त मैडम को झांसी रेलवे स्टेशन पर उतरकर रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना को लेकर टीटीई में काफी आक्रोश व्याप्त है।
हजरत निजामुद्दीन से चल कर झांसी की ओर आ रही मंगला एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-2 में झांसी की टीटीई अंजली प्रजापति चैकिंग ड्यूटी पर थी। ट्रेन के ग्वालियर स्टेशन पर रुकने पर एक महिला कोच में सवार हो गई। जब ट्रेन झांसी की ओर रवाना हुई तो टीटीई अंजली प्रजापति ने ग्वालियर से सवार हुई महिला से यात्रा का टिकट मांगा। इस पर महिला ने कहा कि उसके पास टिकट नहीं है। इस पर टीटीई अंजली ने कहा कि स्लीपर कोच की जगह आप जनरल कोच में चली जाओ ।
इस पर कोच में सवार महिला यात्री ने टिकट बनवाने की बात कही, किंतु टिकट नहीं बनवा कर अपने मोबाइल फोन से किसी से बात करने लगी। इस पर टीटीई ने महिला यात्री से कहा कि, उनको दूसरे कोच में टिकट चेक करने जाना है, आप टिकट का पैसा कैश देंगी या फोन पे करेंगीं। फोन करते समय व्यवधान पर महिला यात्री भड़क गई और उसने सीट पर बैठी टीटीई के बाल पकड़ कर पिटाई कर दी। यह देख कर कोच के कुछ यात्रियों ने पिटाई का वीडियो बना लिया। कई यात्रियों ने महिला को समझाने की कोशिश की मगर वह उन पर भी भड़क उठी और अप शब्द का प्रयोग करने लगी।
इसकी सूचना टीटीई ने झांसी के टीटीई स्टॉफ को दी। सूचना मिलते ही मुख्य टिकट निरीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी अपने स्टॉफ, आरपीएफ और जीआरपी के साथ प्लेटफार्म पर पहुंचे। जैसे ही ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के प्लेटफार्म पर आकर खड़ी हुई तो आरपीएफ की महिला आरक्षियों ने आरोपी महिला को पकड़कर जीआरपी के हवाले कर दिया।
जीआरपी ने टीटीई अंजली प्रजापति का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके साथ ही टीटीई ने घटना की तहरीर जीआरपी थाने में दी। जीआरपी ने आरोपी छतरपुर निवासी प्रियंका सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हिरासत में ले लिया।














