झांसी। झांसी के सीपरी बाजार से दोस्तों के साथ झांसी से घूमने गई छात्रा की मप्र के डबरा में हादसे में मौत हो गई। परिजनों ने मौत के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए पुलिस से जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
दोस्तों के साथ घूमने निकली नाथ की कोठी मोहल्ला निवासी नेहा सेन (18) पुत्री दीपक की डबरा (मप्र) में सड़क हादसे में घायल हो गई। उसे उपचार के लिए ग्वालियर ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में मौत हो गई। परिजन शव लेकर मसीहागंज पुलिस चौकी पहुंच गए। परिजन उसकी मौत के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
थाना सीपरी बाजार क्षेत्र के मसीहागंज में नाथ की कोठी मोहल्ला निवासी दीपक की पुत्री नेहा की सहेली ने 12 जुलाई को घर आकर बताया कि वह मम्मी-पापा के साथ कार से नवग्रह मंदिर (डबरा) जा रही है। उसकी बात सुनकर नेहा भी चलने को राजी हो गई। अभिभावकों के साथ होने की वजह से दीपक ने नेहा को डबरा जाने की इजाजत दे दी। घर से सहेली के साथ नेहा स्कूटी से निकली थी।
शाम को मां ने नेहा को फोन किया लेकिन, उससे बात नहीं हुई। सहेली को फोन करने पर कुछ देर में बात कराने की बात कही। शाम करीब 7:30 बजे दोबारा फोन करने पर सहेली ने बताया कि हादसे में नेहा घायल हो गई। उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया है। यह सुन कर नेहा के परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गये। नेहा की हालत नाजुक होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
बुधवार सुबह हालत बिगड़ने पर उसे लेकर ग्वालियर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर थाना सीपरी बाजार की मसीहागंज पुलिस चौकी पहुंच गए। परिजनों ने उसकी मौत के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए जांच की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
दीपक के बेटा देवांश (22) समेत दो बेटियां नेहा और दिपाली हैं। नेहा 12वीं उत्तीर्ण करके स्नातक में प्रवेश लेने वाली थी। नेहा की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।














