झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर दिन दहाड़े ड्राई फूड व्यापारी के मुनीम का अपहरण कर 24 लाख 90 हजार की लूट करने वाले दो पुलिस कर्मियों सहित छह आरोपियों को पुलिस जेल भेज चुकी है। जबकि फरार एक और सिपाही गत दिवस पकड़ा गया। इस मामले में फरार चल रहा एक और आरोपी अंकित यादव आज पुलिस की गिरफ्त में आ गया। पुलिस ने अंकित यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट के 23 हजार रुपए की नकदी बरामद कर ली है।
गौरतलब है कि चार दिन पूर्व दिन दहाड़े कोतवाली थाना क्षेत्र के मिनर्वा चौराहे के निकट से कार सवार तीन सिपाहियों समेत आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने गुजरात के ड्राई फूड व्यापारी के मुनीम का अपहरण कर उसे कानपुर राजमार्ग पर छोड़ कर उसके कब्जे से 24 लाख 90 हजार की रकम लूट ली थी।
इस मामले में पुलिस ने दो सिपाही समेत खुशीपुरा निवासी सूर्यांश यादव सहित आधा दर्जन बदमाशों को जेल भेजा था जबकि फरार एक सिपाही को गत दिवस गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आज फरार चल रहे प्रेमनगर के नगरा महाराज सिंह नगर निवासी अंकित यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट के 23 हजार 4 सौ रुपए बरामद कर लिए। पुलिस के मुताबिक इस मामले में अभी मध्यप्रदेश के सतना स्थित लाल चौक निवासी नितिन तेजवानी, संस्कार तेजवानी फरार चल रहे जिनकी तलाश की जा रही है।














