झांसी। जनपद में राजस्व वृद्धि एवं आबकारी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु जिलाधिकारी झांसी गौरांग राठी, उप आबकारी आयुक्त झांसी प्रभार झांसी उमेश चन्द्र पाण्डेय एवं जिला आबकारी अधिकारी झांसी मनीष कुमार के निर्देशन में आबकारी विभाग, झांसी की जनपद में गठित टीमों द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत 16 जुलाई को मनोज कुमार श्रीवास्तव आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 झांसी मय प्रवर्तन स्टाफ झांसी प्रभार व थाना पुलिस रक्सा द्वारा ग्राम रक्सा, ग्राम राजापुर, ग्राम परासई व डेरा दातारनगर परवई में दबिश दी गई।
दबिश के दौरान अड्डों पर 106.20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर 200 किग्रा लहन, भट्ठियां व शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण आदि जेसीबी से मौके पर नष्ट करते हुए आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में 03 अभियोग पंजीकृत किए गये। कार्यवाही में 03 अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर उनमें से 02 अभियुक्ताओं को जेल भेजा गया।
इसके साथ ही अवैध शराब/अपमिश्रित शराब व ओवर रेटिंग के दृष्टिगत जनपद की देशी शराब/कंपोजिट मदिरा दुकानों पर टेस्ट परचेजिंग कराते हुए आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानों में संचित स्टॉक का स्टॉक पंजिका में अंकित स्टॉक से मिलान करते हुए भौतिक रूप से सत्यापन किया गया एवं पूर्ण रूप से पी.ओ.एस. मशीन से मदिरा की बिक्री करने के निर्देश दिए गए। चेकिंग के दौरान अवैध अड्डों से शराब न खरीदने हेतु लोगों को जागरूक किया गया। सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन करने वालो की भी चेकिंग करते हुए लोगों को चेतावित किया गया।














