झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मण्डल मुख्यालय पर दीनदयाल नगर केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक तीन के पीछे नया रेलवे कालोनी के निवासी रेलवे कर्मचारी परिवार भीषण गर्मी में पेयजल की किल्लत से जूझ रहे हैं, किन्तु उनकी समस्या के निदान की किसी को फुर्सत नहीं है। इससे पेयजल के लिए परेशान रेल कर्मियों में रेल प्रशासन की उपेक्षा पर आक्रोश भड़क रहा है।
दरअसल, केन्द्रीय विद्यालय नम्बर तीन के पीछे स्थित नया रेलवे कालोनी में पानी की सप्लाई हेतु एक टंकी बनी हुई है। इस टंकी में पानी की आपूर्ति हेतु आईओडब्लू द्वारा कर्मचारी की तैनाती की जाती है, किन्तु काफी समय से पानी की आपूर्ति व्यवस्था ठप्प पड़ी हुई है। इसके पीछे टंकी पर किसी कर्मचारी की तैनाती नहीं करना प्रमुख कारण है। इस मामले में कर्मचारियों द्वारा कई बार शिकायत कर ध्यानाकर्षित कराया गया, किन्तु आईओडब्लू द्वारा पानी की आपूर्ति हेतु कोई कर्मचारी की नियुक्ति नहीं की जा रही है। इसके चलते भीषण गर्मी में कालोनी में जलापूर्ति व्यवस्था पर ग्रहण लग गया है। इस स्थिति के चलते कई दिनों से उक्त टंकी में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाने से कालोनी में सप्लाई बाधित है। इसके कारण कालोनी के निवासी रेल कर्मचारी परिवार पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। कर्मचारियों ने रेल प्रशासन का इस समस्या की ओर ध्यानाकर्षित कराते हुए जलापूर्ति व्यवस्थित कराने की मांग की है।