झांसी। जिले के पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर में लगभग 30 वर्षीय नव विवाहित युवक ने फांसी का फंदा कस कर आत्महत्या कर ली। मृतक की लगभग चार महीने पहले ही शादी हुई थी। इस घटनाक्रम से परिवार में कोहराम मचा है।

ग्रामीणों के अनुसार, रविंद्र उर्फ रवि यादव (30 वर्ष) पुत्र कैलाश यादव सोमवार रात को अपनी पत्नी के साथ मकान के आंगन में सो रहा था। घर के अन्य सदस्य भी अपने-अपने स्थान पर लेटे हुए थे। इसी दौरान वह अचानक उठ कर मवेशियों वाले कमरे में चला गया। वहां उसने फंदे को गले में कस कर आत्महत्या कर ली। कमरे में खूंटी टूटी पड़ी थी। इससे संभावना है कि पहले उसने खूंटी से लटक कर फांसी लगाने का प्रयास किया, लेकिन खूंटी टूट गई। इसके बाद उसने दोबारा फंदा बनाकर खुद को फांसी पर लटका लिया और अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि रवि यादव की शादी लगभग चार महीने पहले ही हुई थी। घर में वृद्ध पिता कैलाश यादव लकवे की बीमारी से पीड़ित हैं। रवि ही खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी एक बहन की शादी पहले ही हो चुकी है। रवि ने किन परिस्थितियों में मौत को गले लगाया, स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस घटना से नव विवाहिता सहित परिवार में कोहराम मचा है।