– संचालक ने दिया थाना रक्सा में शिकायती पत्र, कानूनी कार्रवाई की मांग

झांसी। रक्सा निवासी श्रीराम राजा सरकार शिक्षा सेवा समिति के संचालक रोहित सांवला ने थाना प्रभारी रक्सा को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी संस्था महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई की शिक्षा देती है। सरकारी योजनाओं के अंतर्गत संस्था विभिन्न स्थानों पर सेंटर संचालित कर रही है। बताया कि बबीना ब्लॉक के ग्राम पंचायत पृथ्वीपुर नया खेड़ा निवासी एक महिला निश्चित मानदेय पर संस्था के सिलाई सेंटर के संचालन का काम करती थी। आरोप है कि उक्त कर्मचारी महिला ने सेंटर पर आने वाली सौ महिलाओं से पंजीयन शुल्क के नाम पर 20 हजार रुपए तथा सरकारी योजनाओं के फार्म भरवाने के नाम पर 50 हजार रुपए नगद ले लिए लेकिन संस्था में जमा नहीं कराए।

आरोप है कि उक्त महिला ने सब पैसे हड़प लिए। संचालक रोहित सांवला ने बताया कि सेंटर पर आने वाली महिलाएं अब उससे पैसे वापस मांग रहीं हैं, जबकि पैसा वसूलने वाली महिला को छह माह पूर्व ही संस्था से हटा दिया गया है। संचालक ने थाना प्रभारी रक्सा से उक्त महिला के खिलाफ समुचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।