झांसी (एसजे न्यूज़)। बबीना विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव सिंह ‘पारीछा’ ने गुरुवार को जनपद के विकास को नई गति प्रदान करते हुए बबीना विधानसभा क्षेत्र में 305 लाख रुपये की लागत की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का विधिवत भूमि पूजन किया।
समारोह को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास, धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं सामाजिक अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
वित्तीय वर्ष 2026 – 27 में बुन्देलखण्ड विकास निधि (राज्यांश) के अंतर्गत ब्लॉक चिरगाँव के ग्राम चिरगाँव देहात में ओपारा रोड स्थित पानी की टंकी के पास कुशवाहा समाज के लिए 164 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन का भूमि पूजन विधायक राजीव सिंह ‘पारीछा‘ ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ किया।
इस अवसर पर राजकान्तेशवर्मा (ब्लॉक प्रमुख, चिरगाँव), बिरजू कु राजकान्तेश वर्मा (ब्लॉक प्रमुख, चिरगाँव), बिरजू कुशवाहा (मंडल अध्यक्ष, चिरगाँव), पूनम देवी (प्रधान प्रतिनिधि, ग्राम पंचायत चिरगाँव देहात) सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
विधायक राजीव पारीछा ने कहा कि इस सामुदायिक भवन के निर्माण से कुशवाहा समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए एक आधुनिक एवं सुसज्जित स्थान उपलब्ध होगा, जिससे सामाजिक एकता और सहभागिता को और अधिक बल मिलेगा।
इसके उपरांत विधायक राजीव सिंह ‘पारीछा‘ ने उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग एवं उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के सौजन्य से ब्लॉक चिरगाँव के ग्राम सिमरथरी-छिरौना के मध्य स्थित “डांग के हनुमान जी” मंदिर के 141 लाख रुपये की लागत से होने वाले सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर कुं. राघवेन्द्र सिंह जू देव “संजले राजा” (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, चिरगाँव), श्री राजकान्तेश वर्मा (ब्लॉक प्रमुख, चिरगाँव), श्री अरविन्द राजपूत (जिला महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी), श्री धर्मेन्द्र शर्मा (क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी), श्री उमानाथ शुक्ला (अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद), श्री बिरजू कुशवाहा (मंडल अध्यक्ष, चिरगाँव), श्री जितेन्द्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक श्री पारीछा ने कहा कि डांग के हनुमान जी मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ प्राप्त होंगी तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी। दोनों कार्यक्रमों में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र वासियों ने विधायक राजीव सिंह ‘पारीछा‘ का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए क्षेत्र में निरंतर हो रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। विधायक श्री पारीछा ने कहा कि बबीना विधानसभा के प्रत्येक गाँव के समग्र विकास के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।














