#Jhansi द मैड किचिन में खाना खाते युवक को मारी गोली, गंभीर

0
65

एसएसपी सहित पुलिस बल मौके पर, सीसीटीवी फुटेज में तलाशे जा रहे बदमाश 

झांसी। इलाइट चौराहा -सीपरी बाजार मार्ग पर नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइन में पुराने डमरू सिनेमा काम्प्लेक्स में  ग्राउंड फ्लोर में द मैड किचन (The Mad Kitchen) रेस्टोरेंट में खाना खा रहे एल एल बी के छात्र के सर में निकट से तमंचे से गोली मार कर बदमाश साथी सहित रफूचक्कर हो गया। इस घटनाक्रम से रेस्टोरेंट में अफरातफरी मच गई और क्षेत्र के होटल रेस्टोरेंट बंद हो गये। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सहित नवाबाद थाना और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गई। जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

गुरसराय के  हैवतपुरा निवासी एल एल बी का छात्र संजय यादव एक अधिवक्ता के यहां मुंशी का काम करता है। वह गुरुवार रात लगभग 9 बजे अपने साथियों के साथ सिविल लाइन में पुराने डमरू सिनेमा काम्प्लेक्स में ग्राउंड फ्लोर में द मैड किचन (The Mad Kitchen) रेस्टोरेंट में खाना का रहा था। इस दौरान उसके सीनियर एडवोकेट दशरथ सिंह यादव, उनके जूनियर शिवम् यादव, परवई निवासी धर्मेन्द्र व चंदौली से आए सीनियर एडवोकेट नारायण मूर्ति ओझा थे।

सभी खाना खा चुके थे और कुछ लोग उठ भी गये। जब संजय उठने वाला था तभी तेजी से एक युवक वहां आया और निकट से संजय यादव की कनपटी में तमंचे से गोली मार दी। गोली चलते ही रेस्टोरेंट में भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति सहित नवाबाद थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गोली लगने से घायल संजय यादव को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया।

एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मीडिया को बताया कि अभी घायल का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। जांच पड़ताल और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से ज्ञात हुआ है कि हमलावर दो लोग थे। एक रेस्टोरेंट के बाहर बाइक पर था व दूसरा युवक अकेले ही रेस्टोरेंट में आया और सटा कर गोली मारी। उन्होंने कहा जल्द ही घटना का खुलासा होगा और हमलावर पकड़े जाएंगे। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए स्वाट, नवाबाद सहित पुलिस की तीन टीम गठित कर दी गई है। फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here