• जबरदस्त कमल खिलाने पर जनता व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त
    झांसी। सदर विधायक रवि शर्मा ने लोकसभा चुनाव में झांसी-ललितपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी अनुराग शर्मा को भारी मतों से विजयी बनाने पर मतदाताओं व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस चुनाव में प्रत्याशी की नहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जीत हुई है। जनता ने यह नहीं जाना कि कौन प्रत्याशी है, कौन नहीं, बस मोदी के नाम पर जबरदस्त मतदान कर कमल खिला दिया। इसके लिए प्रधानमंत्री के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों के साथ ही सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना अहम रहा। इसके साथ ही विश्व पटल पर भारत देश का गौरव बढ़ा वहीं दुश्मन देश को कड़ा संदेश देने में सफल रहे। पांच वर्षों में जहां देश मजबूत हुआ वहीं देश का विश्व में गौरव बढ़ा।
    उन्होंने बताया कि देश में भाजपा की मजबूत सरकार बनी है, गठबंधन हवा हो गया है। उन्होंने बताया कि चुनाव समाप्त हो गए हैं, अब संसदीय क्षेत्र में विकास की गंगा बहाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। नव निर्वाचित सांसद ने इस पर अपना रुख साफ कर दिया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि पानी की समस्या के समाधान हेतु कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। बजट की व्यवस्था कर लम्बित योजनाओं को समाधान किया जाएगा। लीकेज की समस्या पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि अन्य महानगरों की तरह झांसी में भी जल संस्थान को नगर निगम के अधीन करने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए वह लखनउ में जाकर चर्चा करेंगे, उम्मीद है कि जल संस्थान की नगर निगम के अधीन होने पर पेयजल की समस्या का समाधान होगा। इस दौरान अधूरे पड़े सीपरी ओवर ब्रिज का निर्माण, हवाई अडडा आदि पर आश्वस्त किया। महानगर में छुटटा जानवरों से लगातार बढ़ रहीं मौतों के सवाल पर मेयर रामतीर्थ सिंघल ने बताया कि छुटटा पशुओं को पकड़ा जा रहा है और इस समस्या के जड़ से समाप्त करने के लिए प्रयासरत हैं।
    जब विधायक से उत्तर प्रदेश के मंत्री मण्डल में पहुंचने पर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि वह भाजपा के अनुशासित सिपाही हैं, पार्टी का जो आदेश होगा उसे सिरोधार्य करेंगे। इस बारे में वह कुछ नहीं कह सकते। इस दौरान महानगर अध्यक्ष प्रदीप सरावगी, गोकुल दुबे आदि उपस्थित रहे। अंत में सुधाकर मिश्रा व प्रियांशु डे ने आभार व्यक्त किया।