झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में तीन माह से भर्ती मरीज ने टायलेट में सुसाइड कर लिया। वार्ड के मरीज से जानकारी मिलने पर मृतक के भाई ने शोर मचा दिया। सूचना पर पहुंचे चिकित्सक ने जांच कर मौत की पुष्टि की। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

दरअसल, जिले के मोंठ थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरा गांव निवासी 35 वर्षीय आनन्द दास पुत्र विशाल सिंह गुर्जर कई महीने से बीमार था। अस्वस्थ होने के बाबजूद वह महाकुंभ स्नान के लिए चला गया था। यहां से लौटा तो घर वालों को जानकारी हुई कि आनन्द चित्रकूट स्टेशन पर बदहवास हालत में पड़ा है। इसके बाद उपचार हेतु उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां जांच के बाद पता चला कि उसे फेफड़े की बीमारी हो गई है। उसे भर्ती कराया गया था।

आनंद की तीमारदारी को मौजूद भाई सोनू के अनुसार भाई की हालत में 3-4 दिन से सुधार दिखाई दे रहा था। दोपहर को सोनू खाना खाने अस्पताल के बाहर गया था। इसी दौरान लगभग 3.30 बजे वार्ड के मरीजों के तीमारदारों ने जानकारी दी कि भाई ने वार्ड नंबर 8 के टॉयलेट में गमछे से फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है। यह जानकारी मिलने पर वह वार्ड के टायलेट में पहुंचा तो देखा कि आनन्द वार्ड के बाथरूम में फंदे से लटका था।

सूचना मिलने पर डाक्टर मौके पर पहुंचा और परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। संभावना व्यक्त की जा रही है कि आनंद ने बीमारी से परेशान होकर जिंदगी समाप्त कर ली।