
झांसी। शिवपुरी रोड पर जिले के रक्सा कस्बे में मुख्य बाजार में सर्विस रोड पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में देर रात एक भीषण विस्फोट हुआ है। यह हादसा बैंक के नीचे से जमीन के अंदर गैस पाइपलाइन बिछाते समय हुआ, जिससे बैंक को भारी नुकसान पहुंचा है।
दरअसल, मध्य रात्रि के बाद करीब डेढ़ बजे अचानक से रक्सा में एसबीआई बैंक शाखा के अंदर का ख़तरे का हॉर्न बजने लगा। जिस पर क्षेत्र के मौजूद पुलिस बल हरकत में आ गया और सूचना मिलते ही रक्सा थाना पुलिस भी पहुंच गई। बैंक कर्मियों को बुलाकर बैंक की शटर का ताला खोलकर देखा गया कि बैंक के नीचे से गलत तरीके से डाली गई गैस पाइप लाइन फटने से बैंक की जमीन धंस गई और उसमें नीचे से पानी और मलवा बाहर निकलने लगा। किसी प्रकार गैस कम्पनी वालों को भी सूचना देकर गैस पाइप लाइन बंद करवाई।
इस दौरान रक्सा थाना प्रभारी ने बताया कि बैंक के अंदर नीचे से निकली अडानी ग्रुप की पाइप लाइन फटने से जमीन धंसी है जिसके चलते बैंक में पानी और मलवा भर कर बाहर निकल रहा। उन्होंने बताया कि बैंक में कितना नुकसान हुआ किस चीज का नुकसान हुआ यह बैंक के अफसर जांच पड़ताल करने के बाद ही बताएंगे।
बताया गया है कि रक्सा कस्बे में जमीन के नीचे लगभग 2 किलोमीटर लंबी गैस पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इसी काम के दौरान देर रात अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि पूरी बैंक की इमारत हिल गई। धमाके के बाद पाइपलाइन से निकला भारी मात्रा में मलबा और कीचड़ बैंक के अंदर भर गया, जिससे अंदर रखा लाखों रुपये का सामान क्षतिग्रस्त होने का अनुमान है।
मौके पर पहुंचे भारतीय स्टेट बैंक के फील्ड अफसर रोहित वर्मा ने भी जांच पड़ताल की। पुलिस और बैंक प्रबंधन की टीम घटनास्थल का मुआयना कर नुकसान का आकलन और मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
– ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह राजपूत के अनुसार, यह पाइपलाइन पूरे कस्बे को कवर कर रही है, लेकिन इसके बिछाए जाने को लेकर स्थानीय ग्रामीणों को पहले से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं थी।
– रक्सा निवासी अधिवक्ता अनिकेत मिश्रा ने पूर्व ने नेशनल हाईवे और अन्य विभागों में पूर्व में शिकायत की थी कि अडानी ग्रुप की गैस पाइप लाइन गलत तरीके से नियमों के विपरीत मानकों को ताक पर रखकर डाली जा रही इसे रोका जाए अन्यथा कभी बड़ा हादसा हो सकता है। लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई थी।













