निवाड़ी में विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया
झांसी। निवाड़ी मप्र में विकास कार्यों का लोकार्पण कर झांसी सर्किट हाउस आए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया से संक्षिप्त वार्ता करते हुए कहा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वह सभी मिल कर जन कल्याण के कामों में लगे रहते हैं। उन्होंने बताया कि दतिया में उप चुनाव के चलते भाजपाइयों से समीक्षा की। इस दौरान मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों पर कोई जवाब नहीं दे कर वह निकल गये।
रविवार को हेलीकॉप्टर से झांसी पुलिस लाइन आकर सर्किट हाउस पहुंचे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का झांसी सदर विधायक पं रवि शर्मा, विधायक राजीव सिंह पारीछा, भाजपा पार्षद सुनील नैनवानी आदि कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने हार माला पहना कर स्वागत किया। सर्किट हाउस में उन्हें गार्ड ऑफ ओनर दिया गया। सर्किट हाउस में वह झांसी के भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों, जन प्रतिनिधियों से मुलाकात व चर्चा करने के बाद वापस पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर से मध्यप्रदेश के जिला सागर रवाना हो गए।
सुबह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ओरछा पहुंच कर प्रसिद्ध रामराजा मंदिर में दर्शन किए और जहांगीर महल का भ्रमण किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ओरछा से निवाड़ी पहुंचे। निवाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने निवाड़ी में 46 राजस्व स्टाफ आवास और पृथ्वीपुर में 29 राजस्व स्टाफ आवासों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय निवाड़ी के 100 बिस्तरीय भवन के उन्नयन कार्य का भी लोकार्पण किया। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत ग्राम जेवरा, ब्लॉक पृथ्वीपुर में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, पृथ्वीपुर ब्लॉक में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य भवन, ग्राम सेंधरी ब्लॉक निवाड़ी में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन और संजीवनी क्लिनिक का लोकार्पण किया।कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री अपराह्न निवाड़ी से रवाना होकर झांसी सर्किट हाउस पहुंचे।














