जमीन की रंजिश में हुई थी द मैड किचन में गोली मार कर हत्या, दो सुपारी किलर गिरफ्तार

0
212

मुठभेड में एक को गोली लगी, हत्या में प्रयुक्त तमंचे, कार बरामद 

झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति के निर्देशन में जनपद झाँसी में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में 27 जुलाई को थाना नवाबाद पुलिस एवं स्वाट/सर्वेलंस की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर थाना नवाबाद क्षेत्रान्तर्गत करगुवाजी सालासर सिटी से न्यू पुलिस लाईन जाने वाले कच्चे रास्ते पर भैंसासुर बब्बा मंदिर के पास से जीम सैफी उर्फ भीम पुत्र अब्दुल हमीम सैफी निवासी सिद्देश्वर नगर आई.टी.आई कालोनी, थाना-सीपरी बाजार व धर्मेन्द्र सिंह परिहार पुत्र जगदीश सिंह निवासी परवई थाना-रक्सा, जिला-झांसी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 02 देशी तंमचे 315 बोर, नाल में फंसे 02 खोखा कारतूस 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस 315 बोर, हत्या की घटना में प्रयुक्त की गई 01 औरा कार को बरामद कर लिया।

मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त जीम सैफी उर्फ भीम उपरोक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज, झांसी भेजा गया है।

गौरतलब है कि 24 जुलाई को सर्वेश सिंह पुत्र घनेन्द्र सिंह नि०-ग्राम हेवतपुरा थाना गरौठा जिला झांसी द्वारा थाना नवाबाद पर प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया था कि 23 जुलाई को उसका भाई संजय सिंह अपने साथियों के साथ दतिया से दर्शन कर लौटते समय द मेड किचन रेस्टोरेंट में भोजन कर रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की नीयत से उसे गोली मार दी। उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज, झाँसी ले जाने पर उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि मृतक संजय सिंह पुत्र घनेन्द्र सिंह प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त का कार्य करता था। इसी व्यवसाय से जुड़े अजय यादव निवासी ऑपोजिट आईटीआई कॉलोनी एवं धर्मेन्द्र सिंह परिहार भी प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे।

पाल कॉलोनी स्थित एक भूमि को लेकर संजय सिंह एवं अजय यादव के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते संजय सिंह द्वारा अजय यादव के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास भी किया गया था। इसके अतिरिक्त, धर्मेन्द्र सिंह परिहार के स्वामित्व वाले शिवानी होटल के पीछे स्थित एक प्लॉट पर सजंय सिंह ने धर्मेंद्र को कमरे में बन्द कर नंगा कर मारपीट कर कब्जा कर लिया था।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उक्त रंजिश के चलते अजय यादव एवं धर्मेन्द्र सिंह परिहार ने मिलकर संजय सिंह की हत्या कराने की योजना बनाई तथा जितेन्द्र यादव उर्फ जीतू, हुसैन उर्फ खड्ड एवं अजीम उर्फ शेफी को हत्या करने की सुपारी दी। इस कार्य के लिए 50,000/- रुपये एडवांस दिए गए थे तथा शेष धनराशि घटना के बाद देने की बात तय हुई थी। अभियुक्तों के अनुसार, जितेन्द्र यादव, अजय यादव का रिश्तेदार होने के कारण इस षड्यंत्र में शामिल हुआ।

अभियुक्तों ने बताया कि 23 जुलाई को रात्रि लगभग 09:30 बजे अजय यादव एवं धर्मेन्द्र सिंह परिहार द्वारा सूचना दिए जाने पर जितेन्द्र यादव उर्फ जीतू, हुसैन उर्फ खड्ड एवं अजीम उर्फ शेफी उर्फ भीम मैड किचन रेस्टोरेंट, डमरू टॉकीज काम्प्लेक्स, इलाइट चौराहा, झाँसी के पास पहुँचे और मृतक संजय सिंह की रेकी की। जब संजय सिंह रेस्टोरेंट में भोजन कर रहा था, तभी हुसैन उर्फ खड्ड ने उसके सिर पर नजदीक से पिस्टल सटाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा अन्य प्रकाश में आए आरोपियों की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here