झांसी मंडल के खैरार-भीमसेन खंड के दोहरीकरण परियोजना, नव विद्युतिकृत व दोहरीकृत डबल लाइन का निरीक्षण

झांसी। रेल मंडल में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के क्रम में 19 जुलाई को मंडल के खैरार-भीमसेन खंड के दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत अकोना से रागौल के मध्य नव विद्युतिकृत तथा दोहरिकृत 13.64 किलोमीटर खंड का वैधानिक निरीक्षण रेल संरक्षा आयुक्त पूर्वोत्तर क्षेत्र प्रणजीव सक्सेना द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) विपिन कुमार तथा मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा उपस्थित रहे।

रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना ने मंडल एवं निर्माण संगठन के अधिकारियों के साथ अकोना स्टेशन पर नवनिर्मित स्टेशन मास्टर कक्ष तथा सिग्नल एंड टेलीकॉम रुम का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर रेल संरक्षा आयुक्त, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), मंडल रेल प्रबंधक समेत सभी अधिकारियों द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया।

इसके पश्चात मोटर ट्राली के माध्यम से उक्त खंड के मध्य नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उक्त रेल खंड के अंतर्गत आने वाले स्टेशन, समपार फाटक, oms, सिग्नल, ट्रैक, ट्रैक-पॉइंट्स, आदि सभी इंस्टालेशन तथा उनकी कार्य क्षमता का गहनता से निरीक्षण किया गया, साथ ही साथ मार्ग में आने वाले मेजर /माइनर ब्रिज और समपार फाटक का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत स्पीड ट्रायल गाड़ी से सफलतापूर्वक स्पीड ट्रायल किया गया। नवनिर्मित ट्रैक पर 121 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल सम्पन्न हुआ।

निरीक्षण के पश्चात् रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा अनुमति प्रदान के उपरांत इस खंड पर रेल संचालन शुरू होगा।
उत्तर मध्य रेलवे निरंतर आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रयासरत है और यह निरीक्षण उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। अकोना-रगौल खंड में दोहरीकरण की शुरुआत से न केवल रेलगाड़ियों की गति में वृद्धि होगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवाएँ मिल सकेंगी।

निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त के साथ मुख्य परियोजना प्रबंधक /निर्माण एस के गुप्ता, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नीरज भटनागर, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजिनीयर (कर्षण) सर्भजीत सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजिनीयर (पूर्व) आयुष श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जे संजय कुमार, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर (समन्वय) नरेंद्र सिंह सहित रेल विकास निगम लिमिटेड के अधिकारी और अन्य अधिकारी पर्यवेक्षक व् कर्मचारीगण उपस्थित रहे।