झांसी -कानपुर हाईवे पर ट्रक से टकराई स्लीपर बस, ड्राइवर व एक सवारी की मौत

0
36

झांसी। झांसी-कानपुर हाईवे पर पारीछा पावर प्लांट के सामने मंगलवार देर रात खड़े ट्रक से विदिशा जा रही एक स्लीपर बस टकरा गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में 15 से 20 यात्री जहां घायल हुए तो वहीं इसमें ड्राइवर व एक यात्री की मौत हो गई है।

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक भीषण सड़क दुर्घटना की घटना सामने आई है, जिसमें मंगलवार देर रात झांसी-कानपुर हाईवे पर प्रयागराज से मध्य-प्रदेश के विदिशा जा रही एक स्लीपर बस पारीछा पावर प्लांट के सामने हाईवे पर खड़े ट्रक से जा टकराई। इस भीषण हादसे में ड्राइवर और एक यात्री की मौत भी हो गई है। इसके अलावा बस में सवार 15 से 20 यात्री घायल हुए। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस ड्राइवर टक्कर होने के बाद स्टेयरिंग में बुरी तरह से फंस गया था, जिसमें पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

बस का अगला हिस्सा पूरी तरह हुआ क्षतिग्रस्त
बताया गया है कि प्रयागराज से मध्य-प्रदेश के विदिशा जा रही स्लीपर बस अचानक खराब खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टेयरिंग में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना बड़ागांव पुलिस और कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और सभी घायलों को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा।

बस में सवाल अधिकांश यात्री मध्य प्रदेश के निवासी
प्रयागराज से मध्य-प्रदेश के विदिशा जा रही स्लीपर बस में सवार अधिकांश यात्री मध्य-प्रदेश के रहने वाले हैं, जो प्रयागराज में अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के बाद गंगा में अस्थि एवं फूल प्रवाहित कर वापस विदिशा लौट रहे थे। हादसे के बाद पूरे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर सीओ सदर प्रिया सिंह ने बताया कि बस में सवार सभी यात्रियों को तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में मौके पर मृत बस चालक का नाम इस्लाम बेग और यात्री का नाम कन्ना बताया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here