झांसी। सिविल लाईन ग्वालियर रोड स्थिति कुंज बिहारी मंदिर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरु पूजन हेतु श्रद्धालुओं की भीड उमडी। सभी ने कतार बद्ध होकर अपनी बारी आने का इंतज़ार किया और स्वयं की बारी आते ही श्रद्धा से गोलोकवासी ब्रह्मलीन महंत बिहारीदास महाराज का चित्र पूजन कर बुंदेलखण्ड धर्माचार्य महंत राधामोहन दास महाराज का तिलक, माल्यार्पण एवं पूजन कर आरती उतारी, अंगवस्त्र एवं दक्षिणा भेंट कर चरणोदक पान किया और आशीर्वाद लिया।
सुबह की पौ फटते ही कुंजबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगनी शुरु हो गई।भगवान कुंजबिहारी सरकार एवं उनकी प्राण प्रियतमा राजराजेश्वरी राधा सर्वेश्वरी की प्रात:कालीन नित्य आरती उपरांत गुरु पूजन का सिलसिला गुरु हुआ जो देर रात्रि तक चलता रहा। दोपहर में झमाझम बारिश के बीच भी लोग गुरु पूजन को आते रहे और पानी बंद होते ही मंदिर में उमडे श्रद्धालुओं की लम्बी लम्बी कतारें लग गयी और अपनी बारी आते ही भक्तों ने श्रद्धा से गुरु पूजन किया। अक्षय तृतीया से चल रहे फूल बंगला महोत्सव के क्रम में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को मंदिर में भव्य सजावट के साथ मनमोहक फूलबंगला सजाकर भगवान को अर्पित किया गया। भगवान के गर्भगृह के सामने बने चौक में जल भर कर आकर्षक फब्बारा लगाया गया। मंदिर में बिखरी विद्युत की भव्य छठा ने सुंदरता में मानों चार चांद लगा दिये हों।
गुरु पूजन हेतु सदर विधायक के माता पिता श्रीमती शांति सत्यनारायण शर्मा, प्रकाश गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार मोहन नेपाली, शीतल तिवारी, एड.मनोज तिवारी, वैद्य बृजेन्द्र दीक्षित, हरिश्चंद्र अग्रवाल, विक्की अग्रवाल, विजय कुमार, उमेश अग्रवाल, आनंद मिश्रा, एड.राजीव नायक, सुजीत तिवारी, देवेंद्र दुबे, रामकुमार सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूजन अर्चन कर आशीष लिया।
इस मौके पर बुंदेलखंड के ख्यातिलब्ध कलाकारों ने समाज गायन कर मधुर भजन प्रस्तुत किए। मंदिर के पुजारी बालक दास महाराज, गिरवारी जू मंदिर के पुजारी मदनमोहन दास (मनु महाराज) एवं व्यवस्थापक पवनदास ने सभी व्यवस्थायें संभाली। मंदिर में आये सभी श्रद्धालुओं को भण्डारे का प्रसाद परोसकर खिलाया गया।














