रेलवे सुरक्षा बल की कार्रवाई में कबाड़ी गिरफ्तार, तीन की तलाश
झांसी। रेल संपत्ति की चोरी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आरपीएफ झांसी स्टेशन पोस्ट व क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में रेल इंजन से चुराई गई अल्टरनेटर केबल कबाड़ी की दुकान से बरामद कर कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया जबकि केबिल चोरी कर बेचने वाले तीन आरोपियों की तलाश जारी है।
28 जुलाई को निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी योगेश कुमार एवं क्राइम विंग झांसी की संयुक्त टीम ने नयागांव रोड, नहर के किनारे स्थित सीतापुर वाटिका में संचालित एक कबाड़ की दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान से रेलवे इंजन के अल्टरनेटर रूम में प्रयुक्त होने वाले केबल बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान कबाड़ दुकान संचालक बरामद रेल सामग्री के संबंध में कोई वैध अभिलेख अथवा स्वामित्व का प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग ₹50,000 आंकी गई है।
इस मामले में रेल संपत्ति को अवैध रूप से अपने कब्जे में रखने के आरोप में कबाड़ी धीरज साहू पुत्र बलराम साहू निवासी नगर, थाना प्रेमनगर, जनपद झांसी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है।
जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर घटना में संलिप्त तीन अन्य आरोपियों को भी मुकदमे में वांछित किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं तथा गिरफ्तार अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि यह केबिल कहां से उड़ाई गई थी।














