झांसी। बुधवार को झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व जगदलपुर से विधायक किरण सिंह देव हुए एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी इनोवा कार तालबेहट के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे घुस कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों की टीम लगातार दोनों घायलों की निगरानी कर रही है।
यह हादसा उस समय हुआ जब इनोवा कार तेज रफ्तार से झांसी की ओर आ रही थी। इसी दौरान तालबेहट में सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। ट्रक सड़क पर किस स्थिति में खड़ा था, चालक की लापरवाही थी या फिर किसी अन्य वजह से यह दुर्घटना हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी पहुंच गये। जब उन्हें मेडिकल कॉलेज लाया गया तो पार्टी नेताओं और समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया। सभी किरण सिंह देव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा ने बताया कि फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। भगवान की कृपा से शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हो जायेगा। प्रदेश अध्यक्ष बागेश्वर धाम से गुरू का आशीर्वाद लेकर लौट रहे थे।













