फरार साथी जितेंद्र की तलाश
झांसी। सात दिन पूर्व इलाईट चौराहा -सीपरी मार्ग पर पुराने डमरू सिनेमा काम्प्लेक्स में ग्राउंड फ्लोर पर द मेड किचन में प्रॉपर्टी डीलर संजय सिंह की गोली मार कर हत्याकांड को अंजाम देने वाला मुख्य अभियुक्त 25 हजार का इनामिया हुसैन उर्फ खड्डा को नवाबाद थाना और स्वाट ने संयुक्त रूप से मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में हुसैन उर्फ खड्डा के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया वही उसका एक साथी मौके से भाग निकला। पुलिस भागे हुए आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू यादव की तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि गुरसराय के हैवतपुरा निवासी प्रॉपर्टी डीलर संजय सिंह के साथ धर्मेंद्र परिहार और अजय यादव मिल कर जमीन की खरीद फरोख्त का धंधा करते थे। जमीन को लेकर धर्मेंद्र और अजय यादव का संजय सिंह से विवाद चल रहा था तभी धर्मेंद्र और अजय ने मिल कर संजय सिंह की हत्या की योजना बनाते हुए जितेंद्र यादव उर्फ जीतू, अजीम उर्फ शैफी, हुसैन उर्फ खड्डा को पचास हजार रूपये में संजय सिंह की हत्या की सुपारी दी थी।
23 जुलाई को संजय सिंह अपने साथियों के साथ रात करीब नौ बजे पुराने डमरू सिनेमा काम्प्लेक्स में ग्राउंड फ्लोर पर रेस्टोरेंट द मेड किचिन में खाना खा रहा था। तभी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी कनपटी पर पिस्टल अड़ा कर गोली मार कर हत्या कर दी थी। हत्याकांड का खुलासा करने के लिए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने तीन अलग अलग पुलिस टीम गठित की थी। जिसमें हत्या कांड में प्रकाश में आए तीन आरोपियों को पुलिस टीम ने हत्याकांड के 72 घंटे के अंदर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। दो आरोपी हुसैन उर्फ खड्डा और जितेंद्र उर्फ जीतू फरार चल रहे थे। एसएसपी ने फरार आरोपी शूटर हुसैन पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
एसएसपी के निर्देशन में फरार आरोपी की तलाश में लगी नवाबाद और स्वाट को गुरुवार तड़के सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध मुस्तरा स्टेशन रोड की तरफ जेडीए कॉलोनी के पास खड़े है। इस सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देख बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया और भागने लगे। पुलिस टीम ने जवाबी कार्यवाही में बंदूक से फायरिंग की। जिसमे एक गोली एक बदमाश हुसैन निवासी सिद्धेश्वर नगर आईटीआई के निकट सीपरी बाजार के पैर में जा लगी और वह गिर गया जबकि उसका साथी जितेंद्र उर्फ जीतू भागने में सफल रहा।
पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी ने संजय सिंह हत्याकांड में मुख्य शूटर की भूमिका निभाने का जुर्म स्वीकार किया । पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी पर झांसी पुलिस की ओर से 25 हजार का इनाम घोषित था। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल कर घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवा कर उसके दूसरे साथी भागे साथी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के कब्जे से एक पिस्टल, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद कर लिए है।











