झांसी। चिन्मय मिशन झांसी के तत्वावधान में चिन्मय अमृत महोत्सव (75 वर्ष) वर्ष में श्री गुरु पूर्णिमा समारोह महर्षि दयानन्द सरस्वती हॉल, सदर बाजार, झाँसी में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के मध्य सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन से हुआ। दीप प्रज्वलन में श्री मुकेश गुप्ता, श्री विनय गुप्ता, श्रीमती कांति गुप्ता, श्री प्रमोद अग्रवाल, श्री हरीश अग्रवाल, श्री मनोहर सिरोठिया तथा श्री एम.डी. गुप्ता उपस्थित रहे।
इसके पश्चात श्री हरीश अग्रवाल द्वारा गुरुपादुका पूजन सम्पन्न कराया गया। सभी साधकों ने अत्यंत श्रद्धा के साथ भगवान वेदव्यास के 108 नामों एवं परम पूज्य स्वामी चिन्मयानन्द के 108 नामों का सामूहिक जप किया। पूजन में शरद गुप्ता, मेघना गुप्ता एवं वी.के. सेठ ने विशेष सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में चिन्मय मिशन के साधकों द्वारा मधुर भजन प्रस्तुति एवं सामूहिक आरती ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर गुरु महिमा पर सचिव इo मुकेश गुप्ता द्वारा प्रेरणादायी संदेश प्रस्तुत किया गया, जिसमें भारतीय संस्कृति में गुरु के सर्वोच्च स्थान, आत्मज्ञान की महत्ता तथा गुरु-शिष्य परम्परा के मूल्यों पर प्रकाश डाला गया एवं सभी अतिथियों, साधकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष चिन्मय मिशन के 75 वर्ष पूरे होने पर देश व्यापी चिन्मय अमृत यात्रा अगस्त माह में झांसी से गुजरती हुई दिल्ली जा रही है।














