खिलाड़ियों को मिलेगी निर्बाध अभ्यास की सुविधा
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में अब खिलाड़ियों को विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में अभ्यास के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इंडोर स्टेडियम में सोलर लाइट स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. सूरजपाल सिंह कसाना द्वारा कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडेय एवं कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार के समक्ष यह प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था कि राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में विश्वविद्यालय के खिलाड़ी, बैडमिंटन क्लब के सदस्य, चिकित्सक तथा झांसी के अन्य गणमान्य नागरिक प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल बैडमिंटन का अभ्यास करने आते हैं। अभ्यास के दौरान अचानक विद्युत आपूर्ति बाधित होने से खिलाड़ियों एवं अन्य उपस्थित खिलाड़ियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था, जिससे उनका नियमित अभ्यास प्रभावित होता था।
कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडेय ने खिलाड़ियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्पोर्ट्स ऑफिसर के प्रस्ताव को तत्काल स्वीकृति प्रदान की तथा कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार के माध्यम से विश्वविद्यालय के संपत्ति अधिकारी को राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में सोलर लाइट स्थापित कराने के निर्देश दिए। इस निर्णय के उपरांत अब विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी खिलाड़ियों का अभ्यास निर्बाध रूप से जारी रह सकेगा।
उल्लेखनीय है कि कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडेय द्वारा विश्वविद्यालय में खेल सुविधाओं के विकास हेतु निरंतर महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। पूर्व में विश्वविद्यालय के आउटडोर खेल मैदान में पवेलियन का अभाव था, जिसके निर्माण का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विगत वर्ष स्पोर्ट्स ऑफिसर के प्रस्ताव पर क्रीड़ा विभाग को कबड्डी मैट भी उपलब्ध कराई गई। इसके परिणामस्वरूप छात्र-छात्राएँ आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं तथा अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी कर रहे हैं, जिससे उनके खेल प्रदर्शन में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों एवं खेल जगत से जुड़े सभी व्यक्तियों ने कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडेय एवं कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार के इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे खिलाड़ियों के हित में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल बताया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया।














