300 लीटर चोरी का डीजल बरामद; कस्टडी रिमांड में हुई पूछताछ से मिली बड़ी सफलता
झांसी। आरपीएफ झांसी स्टेशन पोस्ट ने गढ़मऊ रेलवे स्टेशन पर डीजल तेल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 300 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपी के नाम धीरज उर्फ धीरू निवासी लकारा, नीरज कुशवाहा कारारी, दीपक राजपूत दिनारा, धर्मेंद्र उर्फ रामवीर रुद्र करारी हैं।
दरअसल, रेलवे सुरक्षा बल द्वारा पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय से कस्टडी रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिली महत्वपूर्ण जानकारी एवं आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का डीजल खरीदने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इससे पूर्व 29 जुलाई 26 को गिरोह के एक अन्य सदस्य को भी गिरफ्तार किया जा चुका था। लगातार की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने में रेलवे सुरक्षा बल को सफलता प्राप्त हुई।
इस कार्रवाई से रेलवे क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय डीजल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगने की संभावना है। यह सफलता रेलवे संपत्ति की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण की दिशा में रेलवे सुरक्षा बल की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस सराहनीय कार्रवाई के पीछे उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त प्रदीप कुमार गुप्ता का नेतृत्व तथा झांसी मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा का प्रभावी निर्देशन रहा, जिनके मार्गदर्शन में रेलवे सुरक्षा बल अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक जितेंद्र यादव, हरिओम सिकरवार, अंकित कुमार (अपराध शाखा),
प्रधान आरक्षक विक्रम सिंह यादव, रवि यादव, आरक्षक विकास गुर्जर, रवि त्रिपाठी, संतोष कुमार शामिल रहे।














