झांसी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस विभाग को बैकफुट पर ला दिया है। इस वीडियो में थाना प्रेमनगर की नैनागढ़ चौकी प्रभारी शराब के नशे में धुत नजर आ रहा है। वीडियो वायरल के बाद एसएसपी ने इसे संज्ञान में लेते हुए चौकी प्रभारी को सस्पेंड कर सीओ सदर को पूरे मामले की जांच सौंप दी है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नैनागढ़ चौकी प्रभारी हरिसिंह का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें वह शराब के नशे में धुत होकर ऑटो में बैठा है और बेसुध है। कई लोगों द्वारा पूछताछ करने पर वह शराब अत्यधिक नशा होने पर जबाव भी नहीं दे पा रहा है। साथ ही चौकी प्रभारी के पैर में चोट भी लगी हुई है। यह वीडियो बुधवार की रात का बताया जा रहा है। इस वीडियो को संज्ञान लेते हुए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने इसे पुलिस विभाग की अनुशासनहीनता मानते हुए सस्पेंड कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच सीओ सदर को सौंप दी गई है।














