झांसी। गत देर रात (करीब डेढ़ बजे) सीपरी बाजार ओवर ब्रिज पर टक्कर में बाइक व स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। आमने-सामने हुई बाइक और स्कूटी की टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।
थाना सीपरी बाजार क्षेत्र अंतर्गत आर्य कन्या चौराहा निवासी 22 वर्षीय रूद्राक्ष पुत्र देवराज बाजपेई स्कूटी से सीपरी बाजार से देर रात इलाइट चौराहे की ओर जा रहा था। जैसे ही वह सीपरी ओवर ब्रिज पर पहुंचा तभी सामने से तेज रफ्तार आ रही बाइक से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। बाइक पर रानी लक्ष्मीनगर रेलवे कॉलोनी निवासी सक्षम अपने दोस्त बरुआसागर निवासी सोमिल के साथ सवार था।
टक्कर लगने के बाद तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने रूद्राक्ष और सक्षम को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोमिल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।














