झांसी। मुन्नालाल पावर हाउस के समीप स्थित विद्युत कार्यशाला केंद्र पर सार्वजनिक फुटपाथ पर अतिक्रमण तथा जले हुए ट्रांसफार्मरों से रासायनिक तेल के फैलाव का गंभीर आरोप लगाया गया है। पर्यावरण एवं सामाजिक कार्यकर्ता नरेन्द्र कुशवाहा ने इस संबंध में जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, झांसी विकास प्राधिकरण और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (DVVNL) सहित संबंधित अधिकारियों को शिकायत भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार कार्यशाला केंद्र के बाहर मुख्य सड़क के फुटपाथ पर भारी ट्रांसफार्मर, विद्युत उपकरण और वाहन रख दिए गए हैं, जिससे पैदल चलने वालों का मार्ग बाधित हो गया है। आरोप है कि खराब ट्रांसफार्मरों से निकलने वाला जला हुआ तेल और रासायनिक अवशेष सड़क पर फैल रहे हैं, जिससे पर्यावरण और भूजल प्रदूषण का खतरा उत्पन्न हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेल और गंदे पानी के कारण फिसलन बढ़ गई है तथा दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। फुटपाथ कीचड़ और जलभराव में बदल जाने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नरेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो यह माननीय सर्वोच्च न्यायालय के सार्वजनिक फुटपाथों को अतिक्रमणमुक्त रखने संबंधी निर्देशों की अवहेलना होगी तथा नागरिकों के सुरक्षित आवागमन के अधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
शिकायत में मांग की गई है कि फुटपाथ से अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए, जले हुए ट्रांसफार्मरों एवं रासायनिक तेल का सुरक्षित निस्तारण कराया जाए, सड़क की सफाई कराई जाए तथा क्षतिग्रस्त फुटपाथ की मरम्मत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।














