झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने ए.डी.जी.सी. फौजदारी तेज सिंह गौर की सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया है। इसमें बताया गया है कि उनके द्वारा अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए न्यायालय के समक्ष सशक्त पैरवी के फलस्वरूप अब तक 81 आपराधिक मामलों में दोष सिद्धि सुनिश्चित हुई है। विशेषकर, हत्या एवं पॉक्सो जैसे अत्यंत जघन्य अपराधों में अपराधी आजीवन कारावास तथा अन्य कठोर सजाओं से दंडित हुए हैं।
उनकी कर्तव्यनिष्ठा एवं विधिक निपुणता से न केवल अपराधी दण्डित हुए, अपितु पीड़ितों को न्याय दिलाने में भी आपका महती योगदान रहा है। एस एस पी ने श्री गौर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अपेक्षा की है कि वह भविष्य में भी इसी प्रकार अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।














