झांसी। मेडिकल कॉलेज के पास स्थित ग्रामीण बैंक शाखा से 27 जुलाई को रुपये निकालकर घर लौट रहे बुजुर्ग से ऑटो सवार चार बदमाशों ने तमंचे दिखाकर 12 हजार रुपये लूट लिया। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके मेडिकल कॉलेज के आसपास लगे कैमरों के फुटेज में बदमाशों को तलाशने में जुटी है।
झांसी के कोछा भांवर निवासी सियाराम यादव (72) ने पुलिस को बताया 27 जुलाई की दोपहर 12:20 बजे वह मेडिकल कॉलेज के पास ग्रामीण बैंक से 12 हजार रुपये निकाल कर घर लौट रहे थे। रुपए उन्होंने अंदर की जेब में रख लिए। मेडिकल कॉलेज रोड पर एक ऑटो चालक ने उन्हें कोछा भांवर जाने की कहकर ऑटो में बैठा लिया। ऑटो में पहले से चार लोग सवार थे।
सियाराम ने बताया कि मेडिकल कॉलेज गेट नंबर-3 के आगे ऑटो रोक कर एक युवक ने तमंचा उनके सीने पर तान दिया। साथियों के साथ मिलकर धमकाते हुए 12 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद आरोपी उसे सड़क पर उतार कर भाग निकले। उनका कहना है घटना से वह काफी डर गए। परिजनों के समझाने के बाद वह नवाबाद थाने पहुंचे।
विश्वविद्यालय चौकी पुलिस बैंक समेत मेडिकल रोड के पास पहुंच कर छानबीन की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। सियाराम की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।














