गृह कलेश : पति ने खाया जहर, पत्नी फंदे पर लटकी

0
139
Oplus_16908288

8 माह पहले हुई थी लव मैरिज

झांसी। बबीना थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलीपुरा में पति-पत्नी में क्लेश के चलते सोमवार रात पति ने जहर खा लिया। परिजन उसे उपचार हेतु अस्पताल ले गए। इससे आवेश में आकर पत्नी ने भी कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी। पति की हालत गंभीर बनी है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दोनों ने करीब 8 महीने पहले लव मैरिज की थी।

बबीना थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलीपुरा निवासी सागर साहू (32) मध्यप्रदेश के अशोकनगर में एसी-फ्रिज रिपेयरिंग का काम करता है। करीब डेढ़ साल पहले उसकी सोशल मीडिया पर लखनऊ की राधा राठौर (30) से हुई दोस्ती प्रेम में बदल गई। बाद में दोनों के परिवारवालों की सहमति से 25 नवंबर 25 में उनकी शादी हो गई। शादी के बाद दोनों अशोकनगर में ही रहने लगे, किंतु राधा की ख्वाहिशों से गृहस्थ जीवन में कलह शुरू हो गया।

सोमवार रात करीब 11 बजे सागर अपनी पत्नी राधा के साथ बबीना स्थित घर पहुंचा। देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। क्षुब्ध होकर सागर ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ी तो सागर घबरा गया और परिजनों से बचाने की गुहार लगाई। परिजन उसे बबीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

परिजन उपचार हेतु सागर को मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे तभी पता चला कि राधा कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर उससे लटक गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राधा को फंदे से उतार कर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, राधा शादी के बाद अशोकनगर में सागर के साथ रह रही थी। सागर एसी-फ्रिज रिपेयरिंग का काम करता था, वहीं राधा एक प्राइवेट कंपनी के लिए वर्क फ्रॉम होम करती थी। बताया जा रहा है कि राधा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती थी। उसे रील बनाने का काफी शौक था और वह बाहर जाकर नौकरी करने का दबाव बना रही थी।

पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। संभवतः इसी के चलते सागर ने ज़हर खा लिया। राधा की मौत की सूचना लखनऊ में रहने वाले उसके मायकेवालों को दे दी गई है। इस घटनाक्रम से गांव में सनसनी फ़ैली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here