ट्यूशन पढ़ कर बहन के साथ लौट रहा था, कोहराम मचा
झांसी। रविवार को झांसी -कानपुर हाईवे पर चिरगांव थाना क्षेत्र के करगुआं गांव के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस ने पिता के सामने 5 साल के इकलौते बेटे को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मासूम लगभग 10 फिट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरा। परिजन आनन फानन में मेडिकल कॉलेज लेकर आए। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
5 साल का रणवीर और उसकी बड़ी बहन नित्या ट्यूशन गए थे। सुबह लगभग 8 बजे पिता राघवेंद्र राजपूत निवासी करगुवां दोनों बच्चों को घर ला रहे थे। हाइवे पार करते समय बच्चा दो कदम आगे निकला तभी एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मासूम लगभग 10 फिट ऊपर उछल कर सड़क पर जा गिरा। परिजन रक्तरंजित हालत में मासूम को लेकर मेडिकल कॉलेज भागे। वहां परीक्षण उपरांत चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर हादसे के बाद ड्राइवर एंबुलेंस को भगाकर ले गया। थोड़ी आगे चलकर टोल था, वहां भी आरोपी ड्राइवर ने स्पीड कम नहीं की। अब पुलिस एंबुलेंस और ड्राइवर का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। इस घटनाक्रम से परिवार में कोहराम मचा है।














