• झांसी मंडल के उत्कृष्ट रेलकर्मी डीआरएम द्वारा सम्मानित
    झांसी। मण्डल रेल प्रबन्धक रंजन यादव द्वारा संरक्षा संबंधित उत्कृष्ट कार्य के लिए मण्डल के 8 रेल कर्मियों को सम्मानित किया गया। इसमें राजेश अहिरवार लोको पायलट पैसेंजर ट्रेन को 12448 बांदा-मानिकपुर खंड में कार्य के दौरान भरतपुर-शिवरामपुर स्टेशन के मध्य किमी संख्या 1378/7 से 1378/8 पर एक गैंगमैन द्वारा खतरा हाथ सिगनल दिखाने एवं पटाखे फूटने की आवाज आने पर इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी को नियन्त्रित कर तुरन्त खड़ा किया। पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि रेलपथ में फ्रैक्चर हुआ है। इसकी सूचना स्टेशन मास्टर, पावर कन्ट्रोल झांसी को दी। रेलपथ निरीक्षक द्वारा उक्त रेल फ्रैक्चर को क्लैम्प करके 30 किमी प्रति घंटा का कॉशन जारी किया और सेक्शन को धीरे-धीरे क्लियर किया। इस उत्कृष्ट कार्य पर 500 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया। वसीम अकरम सहायक लोको पायलट पैसेंजर को भी 500 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया।
    लोको गुडस पायलट राम नारायण निशाद ने 16 मार्च को गाडी संख्या बॉक्सएन बांदा-सतना खंड में कार्य के दौरान खुरहण्ड स्टेशन में खड़े रहने पर 23.41 बजे अचानक देखा कि ओएचई के तार टूटकर गिर गये हैं एवं किमी संख्या 1338/02 से 1338/07 तक मेन लाइन व लूप लाइन संख्या-1 (मानिकपुर एण्ड) अवरूद्ध हो गयी। इस पर लोको पायलट ने तुरंत 23.52 बजे उक्त घटना की जानकारी ऑन डयूटी स्टेशन मास्टर खुरहण्ड, पावर कन्ट्रोल झांसी को दी। इससे बड़ी घटना टल गयी। इस कार्य पर लोको पायलट राम नारायण निशाद एवं सहायक लोको पायलट आलोक कुमार को 500-500 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया।
    लोको पायलट मेल टीके मिश्रा ने 9 मार्च को गाडी क्रमांक 15016 व लोको क्रमांक 30450 झांसी-लखनऊ खंड में कार्य करते समय अमौसी-मानक नगर खंड पर पब्लिक द्वारा गाड़ी रोकने का इशारा करते देख कर तुरन्त गाडी को नियंत्रित कर खड़ा किया। रेल ट्रैक का गाड़ी के आगे निरीक्षण करने पर पाया कि किमी संख्या 5/6 पर 5 से 6 इंच ग्लूड ज्वांइट पर रेल टूटी हुई थी। इसकी सूचना टीएलसी लखनऊ, डिप्टी एसएस मानक नगर को दी। तत्पश्चात इंजीनियर विभाग द्वारा टैंक पर पट्टी बांधकर गाड़ी को 10 किमी प्रति घंटा की गति से सर्तकतापूर्वक चलाया गया। इस कार्य के लिए लोको पायलट टीके मिश्रा व सहायक लोको पायलट चंदन कुमार 1500-1500 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया।
    ट्रैक मेन्टेनर-।।। नितेष कुमार वर्मा कालपी ने 15 अप्रैल को अपने सेक्शन में लोकेशन 1275/20 पर देखा कि एक बन्दर को विद्युत घात लगने के कारण एसएस रोप के 6-7 छड़ें टूट गयी थीं। ए व बीटी इन्सुलेटर बुरी तरह फ्लैश हो गया था। कर्मचारी द्वारा तुरंत सूचना देने पर फैल्युर को बचा पाना संभव हो पाया है। इस पर उसे 500 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया।
    कीमैन पन्ना लाल 49 भीमसेन 16 मार्च को किमी संख्या 1425/8-9 एलएच साइड में कर्मचारी ने फ्लैश बट वेल्डिंग में रेल फैक्चर देखा और सुरक्षित किया। इसकी सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी एवं गाडियों का आवागमन समय से कराया। इस पर की मैन को 500 रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया।
    उपरोक्त सभी कर्मचारियों द्वारा सतर्कता एवं तत्परता पूर्वक कार्यवाही किए जाने पर मंडल रेल प्रबंधक ने प्रत्येक कर्मचारी को नकद इनाम एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रति माह एक पुरस्कार 3000 रुपए का रेल संरक्षा प्रहरी के नाम से देने एवं गैर रेल कर्मचारी जो रेल संरक्षा में दुर्घटना बचाने में सहयोग करता है को भी संरक्षा पुरस्कार दिया जा सकता है । इस प्रकार कोई भी व्यक्ति रेल संरक्षा पुरस्कार प्राप्त कर सकता है। इस अवसर पर नये मंडल रेल प्रबंधक संदीप माथुर, अपर मंडल रेल प्रबंधक संजय सिंह नेगी तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिंह एवं मंडल के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।