मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत
झांसी। जिले के गुरसराय थाने में पॉक्सो और छेड़खानी के मामले में गिरफ्तार राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी 62 वर्षीय राजेन्द्र प्रसाद सिंगार ने सोमवार को थाना परिसर में टायलेट में अपने गमछे से फांसी लगाने का प्रयास किया। घटना के होते ही पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई। आनन-फानन में आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, राजेंद्र प्रसाद को छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। सोमवार की सुबह थाना परिसर में स्थित टायलेट में ही उसने गमछे से फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि गुरसराय थाने में टायलेट में गमछे से जान देने के प्रयास की सूचना मिली थी। आरोपी को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले की जांच एसपी देहात को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।














