झांसी। जिले के गुरसरांय थाना परिसर में टायलेट में मंदिर के पुजारी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के प्रकरण में जहां रिपोर्ट दर्ज कराने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है वहीं गुरसरांय थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक विनीत कुमार, का0 राकेश कुमार, का0 आनन्द यादव सहित 4 कांस्टेबल को निलम्बित कर दिया गया है। अखिलेश द्विवेदी को गरौठा से स्थानांतरित कर प्रभारी निरीक्षक गुरसरांय बनाया गया है। उप निरीक्षक अजीत कुमार को पुलिस लाइन से गुरसरांय भेजा गया है।
गौरतलब है कि 09 अगस्त को गुरसरांय के ग्राम सिंगार निवासी रामकुमार कुशवाहा एवं प्रमोद कुशवाहा द्वारा राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी के विरुद्ध अपनी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़खानी का आरोप लगाते हुए शिकायत की गई थी। उक्त प्रकरण में थाना गुरसराय पुलिस द्वारा शांति भंग की आशंका के दृष्टिगत राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी को नियमानुसार हिरासत में लिया गया था।
इस घटना एवं अपने विरुद्ध लगाए गए छेड़खानी के आरोप के कारण राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी अत्यधिक मानसिक रूप से परेशान एवं क्षुब्ध हो गया था। उन्होंने अपने पुत्र से उक्त घटना के संबंध में बातचीत करते हुए बताया था कि उन्होंने बच्ची को केवल फूल तोड़ने पर डांटकर वहां से भगा दिया था तथा इसी बात को लेकर उनके विरुद्ध छेड़खानी का मुकदमा लिखाया गया है। इसी मानसिक क्षोभ एवं परेशानी के चलते 10 अगस्त को उन्होंने थाना परिसर में टायलेट में फाँसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। थाना पुलिस द्वारा तत्काल उन्हें नीचे उतारकर उपचार हेतु सीएचसी गुरसराय ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के उपरान्त बेहतर उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज झाँसी रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
इस मामले में मृतक के पुत्र विनय कुमार द्विवेदी की तहरीर के आधार पर थाना गुरसराय पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रकरण के संबंध में प्रभारी निरीक्षक गुरसराय, एक उपनिरीक्षक एवं दो कांस्टेबल को निलम्बित किया गया है तथा उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रचलित है।
प्रकरण की विवेचना प्रचलित है तथा प्राप्त साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।














