झांसी। देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत उमरे के झांसी मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में विशेष तिरंगा प्रदर्शनी लगी। इसका उद्देश्य रेलकर्मियों एवं विद्यार्थियों को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, उसके विकास, विभिन्न स्वरूपों एवं राष्ट्रीय जीवन में उसके महत्व से परिचित कराना था।
प्रदर्शनी का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विभिन्न सामग्री के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय ध्वज की ऐतिहासिक यात्रा, समय-समय पर हुए परिवर्तनों तथा वर्तमान स्वरूप में तिरंगे के विकास से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्यों से अवगत कराया।
प्रदर्शनी में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के ऐतिहासिक विकास से लेकर वर्तमान स्वरूप तक की यात्रा को क्रमबद्ध, आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक तरीके से प्रस्तुत किया गया। इसमें स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न चरणों में राष्ट्रीय ध्वज के स्वरूप में हुए बदलाव, तिरंगे के विभिन्न प्रतीकों एवं रंगों का महत्व तथा स्वतंत्र भारत में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं गरिमा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी ने आगंतुकों को तिरंगे के पीछे निहित ऐतिहासिक संघर्ष, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को समझने का अवसर प्रदान किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों के साथ-साथ केंद्रीय विद्यालय, रानी लक्ष्मीबाई जूनियर हाई स्कूल एवं गांधी स्मारक जूनियर हाई स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी में विशेष उत्साह एवं रुचि दिखाई और तिरंगे के इतिहास, उसके विकास तथा राष्ट्रीय महत्व से संबंधित जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी उनके लिए इतिहास एवं राष्ट्रभावना को प्रत्यक्ष रूप से समझने का एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी माध्यम बनी।
इस अवसर पर ADRM/Infra पी.पी. शर्मा, ADRM/Op नंदीश शुक्ला, Sr.DME/O&F गौरव, Sr.DSO गिरिश कंचन, Sr.DOM/G सीमा तिवारी, Sr.DMM धाकर कुमार मीना, APO आदेश कुमार मिश्र सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस प्रदर्शनी के माध्यम से झांसी मंडल ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता, गौरव एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से रेलकर्मियों एवं युवा पीढ़ी को तिरंगे की गरिमा बनाए रखने तथा स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने के लिए प्रेरित किया गया।














