आढ़त बंद करके घर लौट रहे थे, व्यापारियों में दहशत
झांसी। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष उमेश गुप्ता के सगे भतीजे प्रशांत गुप्ता उर्फ मोनू पनिहारी को बुधवार सायं लगभग 7 बजे उस समय 3 बदमाशों ने गोली मार दी जब वह थोक मंडी में अपनी आढ़त बंद करके स्कूटी से घर लौट रहे थे।
रास्ते में नवाबाद थाना क्षेत्र के कानपुर बाईपास पर सरोज हॉस्पिटल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिया। इससे मोनू पनिहारी लहूलुहान हो गए। लोगों ने उनको एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर उनकी हालत नाजुक बनी हुई है, गोली उनके कमर में मारी गई है। डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही है।
व्यापारी नेता उमेश गुप्ता ने बताया कि मोनू पनिहारी उनके बड़े भाई का पुत्र है। उनकी थोक गल्ला मंडी में आढ़त है। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे आढ़त से कैलाश रेजीडेंसी स्थित घर के लिए निकला था। करीब 6:45 बजे सरोज अस्पताल के पास पहुंचने से पहले किसी ने उसे पीछे से रोकने की कोशिश की, किंतु जब वह नहीं रुका तो पीछे से उसे गोली मार दी।
गोली लगने के बाद वह सरोज अस्पताल के पास रुक गया और उन लोगों को फोन किया। सबसे पहले दुकान का नौकर वहां पहुंचा और उसे अस्पताल लेकर गया। वहां से उसे पीतांबरा हॉस्पिटल लाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर व अस्पताल पहुंच गई और मामले की जानकारी ली। खबर लिखे जाने तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा था। घटनाक्रम को लेकर व्यापारियों में दहशत है।
तीन बदमाशों ने किया हमला
उमेश ने बताया- हमलावर तीन बदमाश थे। उनका मकसद अभी पता नहीं चल पाया है। भतीजा बैग लेकर जा रहा था, जिसमें लैपटॉप था। हो सकता है बदमाशों ने बैग में कैश समझकर हमला किया हो। गोली पीठ की तरफ रीढ़ की हड्डी के पास लगी है। अभी गोली अंदर ही है। सिटी स्कैन हो चुका है। डॉक्टरों का पैनल आ रहा है और उसे ऑपरेशन के लिए ले जाया जा रहा है। शरीर में कितना नुकसान हुआ है, यह डॉक्टर ही बता पाएंगे।














