नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी आरपीएफ
झांसी। डीज़ल चोरी प्रकरण में आरपीएफ स्टेशन पोस्ट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आरपीएफ ने चोरी नेटवर्क की अहम कड़ी स्टेशन मास्टर करारी को दबोच लिया है। पूछताछ में नेटवर्क में कुछ आरपीएफ कर्मियों के नाम भी प्रकाश में आए हैं। पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
आरपीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि रेलवे का डीजल किस तरीके से चोरी किया जाता था, चोरी के बाद उसे कहां पहुंचाया जाता था और इस गतिविधि में किन लोगों की भूमिका रही। पकड़े गए स्टेशन मास्टर के संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
दरअसल, आरपीएफ स्टेशन पोस्ट ने गढ़मऊ रेलवे यार्ड में डीजल चोरी के मामले में करीब 350 लीटर डीजल बरामद किया गया था। मौके से तेल रखने वाली जरीकेन भी मिली थीं। इसमें पकड़े गए आरोपियों से नेटवर्क का खुलासा हुआ था। इसके आधार पर आरपीएफ ने करारी रेलवे स्टेशन मास्टर चन्द्रशेखर निवासी लहर गिर्द सीपरी बाजार को गिरफ्तार कर गहन पूछताछ कर नेटवर्क की कड़ियां जोड़ना शुरू कर दिया है।
मोबाइल और संपर्कों से खुल सकते हैं कई राज
पकड़े गए स्टेशन मास्टर के मोबाइल फोन और संपर्कों की जानकारी भी जांच का अहम हिस्सा मानी जा रही है। आरपीएफ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डीजल चोरी के दौरान किन लोगों से संपर्क किया गया और चोरी के तेल को ठिकाने लगाने में किसकी भूमिका रही।














